Lucknow: बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पर ताला, जमा पूंजी के लिए धरने पर बैठे खाताधारक; लेनदेन में अनियमितताओं का मामला
लखनऊ के शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय परिसर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पर खाताधारकों ने अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। ग्राहकों ने जमा रकम लौटाने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले, जबकि बैंक प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
विस्तार
लखनऊ के पारा स्थित शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर में बृहस्पतिवार सुबह ग्यारह बजे उस समय भावुक और तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के बाहर खाताधारकों ने बैंक बंद कर धरना शुरू कर दिया।
मेहनत की कमाई को लेकर चिंतित ग्राहक
अपनी मेहनत की कमाई को लेकर चिंतित ग्राहक शाखा के सामने बैठ गए। रकम वापस दिलाने की मांग पर अड़ गए। प्रदर्शन कर रहे खाताधारकों की आंखों में आक्रोश के साथ-साथ बेबसी भी साफ झलक रही थी। उनका आरोप है कि खातों से जुड़े लेनदेन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और इस पूरे प्रकरण में बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों की संलिप्तता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जीवन भर की बचत दांव पर लगी
खाताधारकों का कहना है कि उनकी जीवन भर की बचत दांव पर लगी है, ऐसे में जब तक रकम वापस नहीं मिलती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सूचना पर पहुंची पारा पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की।
लेकिन, खाताधारक अपनी मांगों पर डटे रहे। एहतियात के तौर पर परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बैंक प्रबंधन की ओर से दोपहर तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। फिलहाल, परिसर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और खाताधारकों का धरना जारी है।
