लक्ष्य की ऊंची उड़ान: 18 मैच में 16 जीत, लखनऊ के पैडलर लक्ष्य की एशियाई टेबल टेनिस टीम में इंट्री
अल्माटी में एशिया के करीब 35 देशों के खिलाड़ियों के बीच लक्ष्य ने ट्रायल में दूसरा स्थान हासिल किया है। अब इंग्लैंड में 12 से 18 अक्तूबर तक आईटीटीएफ वर्ल्ड होप्स वीक एंड चैलेंज में एशियाई टीम का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
18 मैच, 16 जीत और दूसरा स्थान... लखनऊ के 12 वर्षीय पैडलर लक्ष्य कुमार ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर एशियाई टेबल टेनिस टीम में जगह बना ली है। अब वह इंग्लैंड के शीफील्ड में 12 से 18 अक्तूबर तक होने वाले आईटीटीएफ वर्ल्ड होप्स वीक एंड चैलेंज में एशियाई टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
लक्ष्य का चयन अल्माटी (कजाकिस्तान) में 29 जुलाई से तीन अगस्त तक हुई चयन प्रक्रिया में उनके प्रदर्शन के आधार पर हुआ। यहां एशिया के करीब 35 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। लक्ष्य ने ट्रायल के दौरान 18 मैच खेले, जिसमें 16 में जीत दर्ज कर दूसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एशियाई टीम में जगह मिली। टीम में थाईलैंड के चोथिरुन नंताचाइवुत और कतर के रबीह खालिद अल-कुवारी को भी शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें - कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल, हाईटेक तकनीक के बावजूद खामियां; मानवीय निगरानी की जरूरत
ये भी पढ़ें - SIR के बाद अब यूपी में SSR, विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की बड़ी कवायद
लक्ष्य लखनऊ के विकासनगर स्थित पैसिफिक टेनिस अकादमी (स्टैग) में भारतीय टेबल टेनिस कोच पराग अग्रवाल से प्रशिक्षण लेते हैं। उनके लिए यह साल शानदार रहा है। पिछले माह उन्होंने ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में हुई अंडर-13 डब्ल्यूटीटी यूथ रेगुलर चैलेंज में उपविजेता का स्थान हासिल किया। इससे पहले गत वर्ष उन्होंने ऑल इंडिया रैंकिंग टेबल टेनिस में कांस्य पदक जीता था, जबकि ऑल इंडिया आईसीएसई टेबल टेनिस चैंपियनशिप में विजेता बने थे।
लक्ष्य यूपी के दूसरे खिलाड़ी, जिन्होंने हासिल की उपलब्धि
लक्ष्य इस चैंपियनशिप में एशियाई टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले यूपी के दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले वाराणसी के पार्थ प्रभाकर वर्ष 2021 में इस चैंपियनशिप में एशियाई टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसी वर्ष तमिलनाडु की हंसिनी मथन राजन ने भी प्रतियोगिता में एशियाई बालिका टेबल टेनिस टीम में जगह बनाई थी। जहां तक विश्व चैंपियनशिप में खेलने का सवाल है, लखनऊ के दिव्यांश श्रीवास्तव ने वर्ष 2024 में भारत की ओर से अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लिया था। वहीं, गाजियाबाद के सार्थ मिश्रा ने वर्ष 2023 में हुई अंडर-19 एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
12 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए प्रतिभा खोज मंच
आईटीटीएफ वर्ल्ड होप्स वीक एंड चैलेंज युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) का प्रमुख प्रतिभा-खोज कार्यक्रम है। वर्ष 2009 में शुरू हुए इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर के 12 वर्ष से कम आयु के टेबल टेनिस खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना है। इसमें वर्ष 2014 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ियों का एशिया, यूरोप, अफ्रीका, अमेरिका और ओशिनिया जैसे विभिन्न महाद्वीपों से चयन किया जाता है।
कोच पराग अग्रवाल का अहम योगदान
यूपी टेनिस एसोसिएशन के सचिव अरुण बनर्जी का कहना है कि महज 12 वर्ष की उम्र में लक्ष्य देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शुमार हो गए हैं। उनके कॅरिअर को संवारने में कोच पराग अग्रवाल का अहम योगदान रहा है। विश्व चैंपियनशिप के लिए एशियाई टीम में चयनित होना बड़ी उपलब्धि है। उम्मीद है कि लक्ष्य की सफलता का कारवां यूं ही जारी रहेगा।