लखनऊ: केजीएमयू में जूनियर डॉक्टरों से 'प्रणाम महोदय जी' कहलवाने का वीडियो वायरल, रैगिंग के आरोपों पर उठे सवाल
लखनऊ के केजीएमयू में जूनियर छात्र-छात्राओं से वरिष्ठों को प्रणाम महोदय जी और प्रणाम मैडम जी कहलवाने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में छात्र कतार में गर्दन झुकाकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। रैगिंग के आरोपों के बीच संस्थान प्रशासन ने शिकायत मिलने पर जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विस्तार
केजीएमयू परिसर में सख्ती बरते जाने के संस्थान प्रशासन के दावों पर सोमवार को वायरल एक वीडियो ने सवाल उठा दिए हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे का बताए जा रहे वीडियो में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र कलाम सेंटर के सामने कतार में गर्दन झुकाए खड़े थे।
सामने से कोई सीनियर छात्र गुजरता तो सभी तेज आवाज में बोलते ‘प्रणाम महोदय जी’। दूसरी तरफ कतार में खड़ीं छात्राएं भी सीनियर छात्राओं को देखकर ‘प्रणाम मैडम जी’ कह रही थीं। इस दौरान आसपास सुरक्षाकर्मी भी थे। इनमें से कुछ मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।
कतार के पास से गुजर रहे सीनियर जूनियरों को डपटते और हिदायत देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में जूनियर छात्र-छात्राओं के चेहरे पर घबराहट साफ दिखाई दे रही है। कोई भी विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। बताया जा रहा है कि नए छात्र-छात्राओं को समूह में इसी तरह खड़ा किया जाता है।
जूनियर छात्र-छात्राओं को इसका भी डर
सीनियरों के गुजरने पर उनका अभिवादन करने का दबाव बनाया जाता है। विरोध पर फटकारा और डराया जाता है। जूनियर छात्र-छात्राओं को इसका भी डर है कि शिकायत करने पर सीनियर उन्हें और परेशान कर सकते हैं। यही वजह है कि वे अपनी बात रखने से कतरा रहे हैं।
कलाम सेंटर के आसपास सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद जूनियरों से ऐसा व्यवहार किए जाने के आरोप हैं। कैमरों की फुटेज से यह घटनाक्रम देखा जा सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई प्रभावी हस्तक्षेप सामने नहीं आया है।
शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई होगी
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि वीडियो में जूनियर डॉक्टर वरिष्ठों को प्रणाम कर रहे हैं जो सम्मान का हिस्सा है। अभी तक रैगिंग की कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई होगी।
