यूपी: छोटे दलों ने शुरू की चुनावी तैयारियां, रालोद ने की भाजपा अध्यक्ष के साथ बैठक; चन्द्रशेखर ने चला ये दांव
UP Assembly Elections: यूपी विधानसभा चुनावों की आहट मिलनी शुरू हो गई है। एक तरफ एनडीए का हिस्सा रही रालोद ने भाजपा के साथ बैठक की तो दूसरी तरफ चन्द्रशेखर ने प्रभारी घोषित किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजाद समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए 45 विधानसभा सीटों के प्रभारियों की पहली सूची जारी की है। पार्टी अध्यक्ष और सांसद चन्द्रशेखर ने अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम और सिख समाज से जुड़े नेताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन मजबूत करने और व्यापक सामाजिक समीकरण साधने पर जोर दिया।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने चुनावी अभियान को गति दे दी है।
पार्टी की पहली सूची में अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), मुस्लिम और सिख समाज से जुड़े नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी का कहना है कि सूची में बहुजन समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।
सीतापुर की सेवता विधानसभा सीट के लिए अम्बिका मौर्य,मिश्रिख के लिए सौरभ किशोर और हरगांव के लिए विनीता राजवंशी को जिम्मा सौंपा गया है। लखनऊ कैंट का जिम्मा अनिकेत धानुक, कुर्सी विधानसभा बाराबंकी का जिम्मा ज्ञानेंद्र वर्मा को दिया गया है।
भाजपा-रालोद ने तेज किया समन्वय, जिला स्तर तक होगा संवाद
प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच शनिवार को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के बीच संगठनात्मक समन्वय को लेकर अहम बैठक हुई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के बीच हुई बैठक में एनडीए को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में दोनों नेताओं ने प्रदेश के साथ-साथ जिला स्तर पर भी दोनों दलों के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के बीच नियमित संवाद और बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति जताई। तय किया गया कि सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित कर संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियानों को जमीनी स्तर पर गति दी जाएगी।
बैठक में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों, प्रदेश के बदलते राजनीतिक परिदृश्य और पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में रालोद के संगठनात्मक विस्तार एवं जनाधार को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने एनडीए को जनविश्वास के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
बैठक के दौरान रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को उनकी प्रसिद्ध कृति ''गोदान'' भेंट की। बैठक में रालोद के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।