UP: आबकारी सिपाही भर्ती में 98 पद और बढ़े, अब 722 से बढ़कर 820 पर होगी भर्ती; आवेदन में संशोधन एक जुलाई तक
उत्तर प्रदेश में आबकारी सिपाही भर्ती के पद 722 से बढ़ाकर 820 कर दिए गए हैं, जिससे अभ्यर्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे। आवेदन संशोधन की अंतिम तिथि एक जुलाई है। साथ ही फार्मासिस्ट, बीसीजी तकनीशियन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भर्तियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में आबकारी सिपाही के 722 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसमें 98 पद और जुड़ गए हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अनुसार अब यह संख्या बढ़कर 820 हो गई है। इस तरह अभ्यर्थियों को चयन को और बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
आयोग की ओर से संशोधित पदों के सापेक्ष आरक्षण की विस्तृत सूचना जारी की गई है। आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने कहा है कि इसके अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन, शुल्क जमा, आवेदन सबमिट करने व शुल्क समायोजन के लिए जारी तिथि यथावत रहेंगी। बता दें कि इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 जून तक हुए हैं जबकि शुल्क समायोजन व आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि एक जुलाई है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
फार्मासिस्ट भर्ती के प्रवेश पत्र जारी
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रदेश में फार्मासिस्ट (भेषजिक) के 564 पदों पर चल रही भर्ती के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आयोग की ओर से इसकी लिखित परीक्षा 29 जून को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तीन जिलों में आयोजित की जाएगी।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति ने बताया कि परीक्षा वाले जिलों की सूचना पूर्व में दी जा चुकी है। अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क जमाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ फार्मासिस्ट आयुर्वेदिक के 1002 पदों पर चल रही भर्ती में आयोग ने परीक्षा के लिए पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया है।
बीसीजी तकनीशियन भर्ती के प्रवेश पत्र जारी
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रदेश में बीसीजी तकनीशियन के 255 पदों पर चल रही भर्ती के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आयोग की ओर से इसकी लिखित परीक्षा 30 जून को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक लखनऊ में आयोजित की जाएगी। आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति ने बताया कि परीक्षा जिले की सूचना पूर्व में दी जा चुकी है।
अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क जमाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसी क्रम में 29 जून को लखनऊ में होने वाली उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 93 पदों पर चल रही भर्ती के लिए लिखित परीक्षा के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी इसे आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। यह सुविधा आयोग के मोबाइल एप पर भी दी गई है।