Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: A driver sent a video to his family members before stepping in front of a train; he stated that he was bei

यूपी: चालक ने परिजनों को वीडियो भेजा, फिर ट्रेन के आगे दी जान, बोला- पुलिसकर्मियों और डांसरों से परेशान हूं

Mon, 09 Nov 2026 07:11 PM IST
Akash Dwivedi डिजिटल डेस्क, लखनऊ
डिजिटल डेस्क, लखनऊ Published by: Akash Dwivedi Updated Mon, 09 Nov 2026 07:11 PM IST
सार

लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी निजी चालक देशराज ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में उसने दो डांसरों और पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना व धमकी देने के आरोप लगाए। पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। डीसीपी ने मामले की जांच एसीपी काकोरी को सौंपी है।

विज्ञापन
UP: A driver sent a video to his family members before stepping in front of a train; he stated that he was bei
चालक ने परिजनों को वीडियो बनाकर भेजा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ठाकुरगंज के लालाबाग निवासी निजी चालक देशराज लोधी (38) ने रविवार देर रात भूहर इलाके में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने छह अलग-अलग वीडियो बनाकर परिजनों को भेजे थे। इनमें उसने दो डांसरों और पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। 

विज्ञापन


ठाकुरगंज पुलिस ने उसके भाई छेदीलाल की तहरीर पर पारा के हरदोईया निवासी दोनों डांसरों नेहा और सपना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकाने की एफआईआर दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन




देशराज के भाई गुड्डू के मुताबिक, उसका भाई दो साल से नेहा और सपना को गाड़ी से लाने और छोड़ने का काम करता था। दो दिन पहले दोनों ने देशराज पर 12 लाख रुपये की चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आरोप है कि पुलिसकर्मी पहले उसे भूहर चौकी बुलाकर ले गए और फिर पारा की शाहदरा चौकी ले गए। वहां पुलिसकर्मियों ने उसे गालियां दीं और एनकाउंटर करने की धमकी दी। इससे वह काफी घबरा गया था। की से घर लौटने के बाद देशराज रविवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकल गया। शाम करीब पांच बजे उसने पत्नी को तीन वीडियो भेजे। 

इनमें उसने अपनी परेशानी बताते हुए पुलिस की प्रताड़ना का भी जिक्र किया। उसने यह भी बताया कि मोबाइल स्कूटी की डिकी में रखा है। कहा कि अब वह और प्रताड़ना नहीं झेल सकता। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रात करीब 12 बजे रेलकर्मियों ने भूहर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर देशराज का शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

सोशल मीडिया पर फोटो देखकर रात करीब एक बजे परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की। एसीपी चौक शुभम कुमार ने बताया कि देशराज के भाई छेदीलाल की तहरीर पर सपना और नेहा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकाने की एफआईआर दर्ज कर दोनों को हिरासत में लिया गया है। देशराज के परिवार में पत्नी पिंकी और दो बच्चे युवी व ऋषभ हैं।

Trending Videos

सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे परिजनों ने दुबग्गा-कानपुर बाईपास पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। 

पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

डीसीपी ने एसीपी काकोरी को सौंपी जांच 

आत्महत्या से पहले देशराज ने छह अलग-अलग वीडियो बनाए थे। इनमें उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी फोन पर गोली मारने की धमकी दे रहे थे। वहीं, सपना और उसका भाई गाली-गलौज करने के साथ चौकी में बंधवाकर पिटवाने की धमकी दे रहे थे। उसने खुद को शुगर का मरीज भी बताया। 

देशराज के मुताबिक, नेहा उस पर जेवर और नकदी लौटाने का दबाव बना रही थी। उसका कहना था कि उसने चोरी नहीं की है और झूठे आरोपों व धमकियों से परेशान है। उसने वीडियो में महेंद्र सिंह का भी जिक्र किया और उस पर 25 लाख रुपये लेकर फरार होने की बात कही।

परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं

एक वीडियो में देशराज अपने पांचों भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगता नजर आ रहा है। वह कह रहा है कि उसका दिमाग काम नहीं कर रहा है और वह जो भी करने जा रहा है, अपने मन से कर रहा है। परिवार के किसी सदस्य का इसमें कोई दोष नहीं है। 

उसने मां और बहनों को आखिरी बार सलाम कहने और परिवार की सलामती की दुआ करने की बात कही। साथ ही कहा कि उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है, उसने कुछ नहीं किया है और जिस पर भी भरोसा किया, उसी ने विश्वासघात किया। 

वीडियो में वह बच्चों से भी माफी मांगते हुए कह रहा है कि वह पूरी तरह मजबूर हो गया है। उसने बताया कि मोबाइल का लॉक खोल दिया है और सभी वीडियो उसमें मौजूद हैं। उसने कहा कि कोई उस पर चोरी तो कोई अन्य गलत आरोप लगा रहा है। वह पूरे होशोहवास में आत्महत्या करने जा रहा है और इसके लिए उसके परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं है। 

एक अन्य वीडियो में देशराज ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उसे एनकाउंटर कर गोली मारने की धमकी दे रहे थे। उसके मुताबिक, चौकी ले जाते समय पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज की और बार-बार गोली मारने की बात कही। उसने कहा कि जब उसने चोरी नहीं की तो वह रुपये क्यों दे। उसके पास न तो पैसे हैं और न ही उसने कोई अपराध किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed