यूपी: लोकतंत्र सेनानियों से मिले अखिलेश यादव, बोले- सरकार बनी तो सम्मान राशि 51 हजार रुपये महीना करेंगे
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गोरखपुर में जलभराव और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार का वीडियो बनाने वाले युवक पर गुंडा एक्ट लगाया गया। लोकतंत्र सेनानियों से मुलाकात के दौरान अखिलेश ने सम्मान राशि बढ़ाने, निशुल्क इलाज और यात्रा सुविधाओं का वादा किया।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गोरखपुर में जलभराव और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार का वीडियो बनाने वाले एक युवा पर गुंडा एक्ट लगा दिया गया। अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर में पानी भरने की तस्वीर या वीडियो बनाने पर भी कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रदेश में लंबे समय से एक ही दल की सरकार है।
अखिलेश यादव ने लोकतंत्र सेनानियों से मुलाकात कर उनका स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सेनानियों ने अपने संघर्ष के अनुभव साझा किए और उन्हें कई सुझाव दिए। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी।
उन्होंने उनके इलाज और दवाओं की सुविधा सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों की ट्रेन और बस यात्रा से जुड़ी मांगों को भी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।
बोले- पीडीए पर अत्याचार का दौर इमरजेंसी जैसा
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस दौर में पीडीए वर्ग पर अत्याचार होगा, उसे इमरजेंसी का दौर कहा जाएगा। उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा के शासन में लोग इमरजेंसी जैसे दौर से गुजर रहे हैं। हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी अखिलेश यादव ने गोरखपुर के जलभराव को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे।