UP Big News: आईएएस रिंकू सिंह का इस्तीफा, टेलीग्राम पर बिक रही थी किडनी; एक ही परिवार की चार लाशें मिलीं
UP Big News: उत्तर प्रदेश में आज दिनभर राजनीति से लेकर प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मौसम तक कई अहम घटनाएं सामने आईं। राज्य के अलग-अलग जिलों से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं, जिनका सीधा असर आम जनता की जिंदगी पर पड़ता है। आइए एक ही खबर में पढ़ते हैं, उत्तर प्रदेश की आज की सबसे बड़ी और अहम खबरें।
विस्तार
UP Big News: हम आपके लिए उत्तर प्रदेश से जुड़ी दिनभर की सभी प्रमुख और अहम खबरों का संक्षिप्त, लेकिन प्रभावी सार लेकर आए हैं। हालांकि 'पूरी खबर पढ़े' पर क्लिक करके आप उस खबर को विस्तृत रूप में पढ़ सकते हैं। यहां प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक की घटनाओं के बारे में तथ्यात्मक और सटीक जानकारी आपको मिलेगी। राज्य में क्या बदला? कहां क्या हुआ? कौन-सी खबरें सुर्खियां बनीं? सब कुछ एक ही जगह पर पढ़ सकते हैं। आइए, आज की उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरों पर विस्तार से नजर डालते हैं।
IAS रिंकू सिंह राही का इस्तीफा, बोले- मुझे समाज कल्याण विभाग की सेवा में भेज दें
उत्तर प्रदेश कैडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें काम करने का अवसर नहीं दिया गया और संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग सिस्टम चल रहा है। वे वर्तमान में राजस्व परिषद से संबद्ध चल रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर
घर में मिले दंपती व दो बच्चों के शव, फंदे पर लटका था पति, पत्नी फर्श पर, बिस्तर पर थे मासूम
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर में मिले। एक कमरे में पत्नी और दो बच्चों के शव थे, तो वहीं पति का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पढ़ें पूरी खबर
टेलीग्राम पर बिक रही थी किडनी, अब तक 50 से ज्यादा अवैध ट्रांसप्लांट, छह गिरफ्तार
कानपुर में पुलिस ने किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार बिहार से लेकर उत्तराखंड और साउथ अफ्रीका तक जुड़े हैं। रविवार को कल्याणपुर और रावतपुर क्षेत्र के तीन अस्पतालों में की गई छापेमारी के बाद पुलिस ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की उपाध्यक्ष डॉ. प्रीति आहूजा और उनके पति डॉ. सुजीत सिंह आहूजा समेत छह मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर
मायावती की पदाधिकारियों संग बड़ी बैठक, बोलीं- सरकार से जनता त्रस्त
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को बसपा कार्यालय में पार्टी सुप्रीमो मायावती ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें राज्य और जिला स्तर के प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे। बैठक में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। पढ़ें पूरी खबर
भीषण हादसे में मां-बेटे समेत तीन की मौत, शवों के उड़ गए चिथड़े
मिर्जापुर के अहरौरा-जमुई मार्ग पर रोशनहर के पास मंगलवार की सुबह बाइक से दवा लेने जा रहे मां, बेटे और भतीजे की तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। 100 मीटर तक बाइक ट्रेलर में फंस कर घिसटती रही। जिससे सड़क खून से लाल हो गई।
शवों के चिथड़े उड़ गए। वहीं सड़क पर खौफनाक मंजर देख लोगों का दिल कांप उठा। परिवार के तीन लोगों की मौत की घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर ही रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी रही। पढ़ें पूरी खबर
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर आज से सफर महंगा
यूपी के सहारनपुर जिले से गुजर रहे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर आज से सफर महंगा हो गया है। छुटमलपुर के चमारीखेड़ा टोल प्लाजा पर जहां ढाई गुना तक ज्यादा टोल चुकाना पड़ रहा है, वहीं गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे के कोलकी कलां प्लाजा पर वाहनों की श्रेणी के अनुसार 10 से 40 रुपये तक टोल बढ़ गया है। बीती आधी रात से टोल की नई दरें लागू हो गई हैं। पढ़ें पूरी खबर
एमपी के सीएम मोहन यादव काशी पहुंचे
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने काशी पहुंचे। एयरपोर्ट पर वे मीडिया से रूबरू हुए। इसके बाद वह सीधे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन-पूजन के बाद कॉरिडोर का भ्रमण और अध्ययन किया। यहां वे काशी विश्वनाथ मंदिर के एसओपी को समझने के बाद होटल रमाडा पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर