यूपी: मौत सामने दिख रही थी, फिर भी नहीं रुका नशेड़ी चालक, यात्रियों ने कई बार टोका; पल भर में सब कुछ बिखरा
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बस 40 फीट गहरी खंती में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत और 40 से अधिक लोग घायल हुए। यात्रियों ने चालक पर शराब पीकर बस चलाने का आरोप लगाया है। करीब 40 मिनट चले रेस्क्यू ऑपरेशन में बच्चों समेत यात्रियों को निकाला गया।
विस्तार
लखनऊ के आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया। राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही यात्रियों से भरी बस पारा इलाके में जीरो पॉइंट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खंती में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यात्रियों का आरोप- नशे में था चालक, कई बार रोका
हादसे के बाद यात्रियों ने चालक पर नशे में बस चलाने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि राजस्थान से लखनऊ तक के रास्ते में चालक और परिचालक ने कई जगह रुककर शराब पी थी।
चालक की हालत देखकर यात्रियों ने उसे कई बार बस रोकने और सावधानी से चलाने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी धुन में तेज रफ्तार से बस दौड़ाता रहा। हालांकि, नशे में होने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। प्रारंभिक जानकारी में बस का पिछला टायर फटने से हादसा होने की आशंका भी जताई गई है।
बच्चों समेत 55 से अधिक यात्रियों को निकाला
सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे बस खंती में पलटने के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंचे। सूचना पर पुलिस, एनडीआरएफ और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, बस में 52 यात्री सवार थे। इनमें 29 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान भी दो यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में बिहार के बेगूसराय निवासी 63 वर्षीय शंकर रजक की पहचान हुई है।
दो मासूम बच्चियां भी घायल
हादसे में बिहार के वैशाली की चांदनी और उनकी दो वर्षीय बेटी आरोही व तीन वर्षीय बेटी संध्या भी घायल हुई हैं। इसके अलावा आजमगढ़, महाराजगंज, देवरिया और बिहार के अलग-अलग जिलों के यात्री चोटिल हुए हैं। अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है। जिस सफर में लोग अपनों से मिलने की उम्मीद लेकर निकले थे, वह रास्ते में ही चीख-पुकार और मातम में बदल गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.