UP: राजधानी में बिजली विभाग की लापरवाही, मीटर के गलत कनेक्शन से 15 दिन तक करंट की चपेट में रहा परिवार
बिजली मीटर के गलत कनेक्शन के कारण एक परिवार को कई दिनों तक घर में करंट की समस्या झेलनी पड़ी। शिकायतों के बावजूद समय पर समाधान नहीं हुआ। बाद में तकनीकी जांच में तारों की गलत जोड़ाई सामने आई, जिसे ठीक किया गया। विभाग ने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर सी उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन और इंटेली स्मार्ट कंपनी के कर्मचारी की अराजकता के कारण एक परिवार को 15 दिनों तक करंट के घेरे में रात-दिन गुजारने पड़े। परिवार की बेटी पूनम ने बीते बृहस्पतिवार को अमर उजाला को व्यथा सुनाई तो देर रात उनके घर में उतरे करंट की समस्या का समाधान हुआ, तब चैन से सो सके।
दरअसल, सीनियर सिटीजन राम शंकर की समस्या मुख्य अभियंता राम कुमार को बताई, तो उन्होंने मीटर बदलने का निर्देश दिया। कंपनी का कर्मचारी मीटर लेकर बदलने पहुंचा, लेकिन बदला नहीं। उसने अपने सुपरवाइजर को रिपोर्ट किया, कि मीटर सही है। कर्मचारी एक घंटे तक मीटर लेकर घर के बाहर खड़ा रहा, फिर वापस लौट गया।
पढ़िए, पूनम की आपबीती
पूनम रानी ने बताया कि पिता रामशंकर के नाम से बिजली कनेक्शन (खाता नंबर 8931000000 ) है, जिस पर मार्च में सोलर लगवाया था। जो नेट मीटर लगा, वह सही तरीके से काम नहीं कर रहा था। इसकी 16 मई को 1912 पर शिकायत दर्ज कराई, मगर सुनवाई नहीं हुई। 1912 पर तीन बार और शिकायत की, पर ठंडे बस्ते में चली गई। 16 जून को अधिशासी अभियंता मीटर कार्यालय में प्रार्थना पत्र रिसीव कराया।
तब उपकेंद्र का लाइनमैन कपिल मीटर लेकर बदलने आया। मगर, उसने मीटर बदलने के बजाय लगे मीटर की सील खोलकर उसके तारों के कनेक्शन उलट दिए। मैने विरोध किया तो उसने अभद्रता भी की, और चला गया। उसके जाते ही लोहे दरवाजे, खिड़की, नल आदि में करंट आने लगा। मंदिर की लाइट का स्विच बंद होने पर भी लाइट जलती रहती थी। परिवार के सभी लोगों को करंट के झटके लगे। लेकिन, किसी ने मेरी शिकायत पर कोई मदद नहीं की। जब अमर उजाला को पीड़ा सुनाई तो राहत पाए।
तारों के गलत कनेक्शन से उतर रहा था करंट
अधिशासी अभियंता मीटर योगेश जायसवाल ने बृहस्पतिवार रात को वृंदावन के एसडीओ से कर्मियों को भेजकर घर में उतरे करंट की समस्या को दूर करने का निर्देश दिया। रात 8 बजे तीन कर्मचारी उपभोक्ता के घर पहुंचे और मीटर में लगे तारों की जांच की। जांच में कर्मियों ने पाया कि कनेक्शन के तार उल्टे तरीके से लगाए गए थे जिससे अर्थिंग के झटके के साथ ही करंट का एहसास हो रहा था।
ऐसी घटना दोबारा न हो सके
मुख्य अभियंता अमौसी जोन राम कुमार ने बताया कि उपकेंद्र एवं इंटेली स्मार्ट कंपनी के कर्मियों के कारनामे की जांच कराई जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी जिससे भविष्य में दूसरे उपभोक्ताओं पर ऐसी घटना दोबारा न हो सके।