यूपी: प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को नवंबर में बड़ी राहत, बिल में मिलेगी 9.17% की छूट; जानिए अपडेट
उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को नवंबर के बिल में राहत मिलने की उम्मीद है। फ्यूल सरचार्ज में कमी के कारण बिजली बिल 9.17 प्रतिशत तक घट सकता है। यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट बताई जा रही है। इससे घरेलू और अन्य उपभोक्ताओं को भुगतान में राहत मिलेगी।
विस्तार
प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को नवंबर 2026 के बिजली बिल में 9.17 प्रतिशत की राहत मिलेगी। फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (एफपीएएएस) के तहत मिलने वाली इस छूट का लाभ घरेलू, व्यावसायिक समेत अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को भी मिलेगा।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अनुसार, यह लगातार पांचवां महीना है, जब नकारात्मक एफपीएएएस के तहत उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है। जुलाई में 4.43 प्रतिशत, अगस्त में 2.92 प्रतिशत, सितंबर में 7.93 प्रतिशत और अक्तूबर में 5.24 प्रतिशत की छूट दी गई थी। नवंबर में यह बढ़कर 9.17 प्रतिशत हो गई है।
एफपीएएएस व्यवस्था के तहत बिजली खरीद और ईंधन की वास्तविक लागत टैरिफ में शामिल लागत से कम होने पर इसका लाभ उपभोक्ताओं को बिल में छूट के रूप में दिया जाता है। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के मुताबिक, इस राहत से प्रदेश के उपभोक्ताओं को करीब 645 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह छूट उपभोक्ता परिषद की मांग पर नियामक आयोग की ओर से जारी आदेश का परिणाम है।
इससे पहले जुलाई में हुई थी सस्ती
उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को जुलाई में बड़ी राहत मिली थी। जुलाई में बिजली 4.43 प्रतिशत सस्ती हुई। इतनी सस्ती बिजली करीब 15 माह बाद मिल रही है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल)ने यह घोषणा की है। यह घोषणा उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के आदेश पर हुई। ईंधन एवं बिजली खरीद लागत समायोजन (एफपीपीसीए) के तहत जुलाई माह की लागत समायोजन दर जारी हुई है। यह अप्रैल 2026 की लागत पर आधारित है।
उपभोक्ताओं को 4.43 प्रतिशत की राहत मिलेगी। यह पिछले 15 माह का सबसे बड़ा एफपीपीसीए लाभ है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक सबसे अधिक 2.42 प्रतिशत की कमी हुई थी। यह अब तक की सबसे बड़ी कमी है। इससे प्रदेश के सभी विद्युत उपभोक्ताओं को 358.31 करोड़ रुपये का लाभ मिला।