यूपी: सिपाही और जेल वार्डर के पदों पर होंगी बंपर भर्तियां, महिला और पुरुष दोनों के लिए वैकेंसी; जानिए डिटेल
UP Police Recruitment: यूपी पुलिस में नौकरी करने का एक बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। प्रदेश में दिसंबर माह से करीब 25 हजार पदों के लिए सीधी पुलिस भर्ती होगी।
विस्तार
प्रदेश पुलिस में जल्द सिपाहियों और जेल वार्डर के 25,455 पदों पर सीधी भर्ती होगी। शासन की हरी झंडी मिलने के बाद उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड दिसंबर माह में सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए विज्ञप्ति जारी करेगा। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने पुलिस में भर्ती के इच्छुक युवाओं को बोर्ड की वेबसाइट का अवलोकन करते रहने को कहा है।
भर्ती बोर्ड के मुताबिक सिपाही के करीब 22 हजार पदों पर होने वाली भर्ती नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ), पीएसी की महिला वाहिनियों, सशस्त्र पुलिस और घुड़सवार पुलिस के रिक्त पदों के लिए होगी। इसके अलावा कारागार विभाग के लिए जेल वार्डर के करीब 2800 रिक्त पदों को भी इसी प्रक्रिया के तहत भरा जाएगा।
अप्रैल में होनी थी भर्ती।
बता दें कि इससे पहले अप्रैल माह में सिपाही के 19,220 रिक्त पदों पर भर्ती होनी थी, हालांकि इसमें करीब आठ माह का विलंब हो गया। उस दौरान सिपाही पीएसी के 9837, सिपाही पीएसी महिला वाहनी के 2282, सिपाही नागरिक पुलिस के 3245, सिपाही पीएसी/सशस्त्र पुलिस 2444, सिपाही विशेष सुरक्षा बल के 1341 और घुड़सवार पुलिस के 71 पद (कुल 19220) पदों पर भर्ती का प्रस्ताव बना था।
आठ माह की अवधि के दौरान सेवानिवृत्त हो चुके कर्मियों की संख्या को जोड़कर अब करीब तीन हजार अतिरिक्त पदों को बढ़ाकर भर्ती करने की तैयारी है। बोर्ड द्वारा जारी की जाने वाली विज्ञप्ति में रिक्त पदों की संख्या की जानकारी दी जाएगी।