यूपी: संस्कृत बोर्ड परीक्षाएं 9 से 19 फरवरी तक, शिक्षा परिषद ने जारी किया कार्यक्रम; जानिए डिटेल
उत्तर प्रदेश संस्कृत शिक्षा परिषद ने संस्कृत बोर्ड परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 19 फरवरी तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने से विद्यार्थियों को तैयारी की रूपरेखा बनाने में मदद मिलेगी। परीक्षार्थियों को विषयवार तारीखों और समय की जानकारी के लिए कार्यक्रम देखना होगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, लखनऊ ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। पूर्व मध्यमा द्वितीय से उत्तर मध्यमा द्वितीय स्तर तक की परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 19 फरवरी तक चलेंगी। परिषद के सचिव ओपी त्रिपाठी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।
पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। नौ फरवरी को सभी स्तरों और वर्गों के विद्यार्थियों की अनिवार्य संस्कृत की परीक्षा होगी। इसके बाद 10 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भौतिक विज्ञान और व्यवसाय अध्ययन समेत अन्य विषयों की परीक्षाएं होंगी।
12 फरवरी को भाषा, 13 को विज्ञान और वाणिज्य के पेपर
12 फरवरी को हिंदी, पालि, प्राकृत और नेपाली जैसे भाषा विषयों की परीक्षा होगी। 13 फरवरी को विज्ञान, वाणिज्य, शिक्षाशास्त्र, कंप्यूटर विज्ञान, भूगोल और इतिहास के पेपर निर्धारित किए गए हैं। 15 फरवरी को संस्कृतशास्त्र, विभिन्न वेद, व्याकरण, साहित्य, दर्शन, ज्योतिष, आयुर्वेद और प्राच्य विज्ञान एवं वाणिज्य से जुड़े विषयों की परीक्षाएं होंगी।
16 से 19 फरवरी के बीच अर्थशास्त्र, रसायन विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, तुलनात्मक दर्शन, संगीत, वाद्य संगीत, लेखाशास्त्र और अन्य वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विषयों के अनुसार अलग-अलग समय-सारिणी निर्धारित की गई है।
परीक्षा कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के निर्देश
परिषद ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि परीक्षा कार्यक्रम का अपने स्तर से और प्रधानाचार्यों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराएं। जिला सूचना अधिकारी, लखनऊ से भी विज्ञप्ति को जनहित में समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने का अनुरोध किया गया है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कक्षा और वर्ग के अनुसार विषयवार समय-सारिणी का मिलान कर परीक्षा की तैयारी करें।
पढ़िए पूरा शेड्यूल