यूपी: धर्म परिवर्तन की चर्चाओं पर सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी का पहला बयान, बोले- मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने धर्म परिवर्तन की चर्चाओं को गलत बताते हुए कहा कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। उन्होंने बौद्ध धर्म और गौतम बुद्ध की शिक्षाओं के प्रति आकर्षण जताया। भाटी ने सभी धर्मों का सम्मान करने की बात कही और सोशल मीडिया पर फैल रही चर्चाओं को दुष्प्रचार बताया।
विस्तार
उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को दिल्ली के रानी झांसी मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध महासभा के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उनके मुताबिक, बौद्ध धर्म और गौतम बुद्ध की शिक्षाओं के प्रति उनका विशेष आकर्षण है। बाबा साहब के विचारों का भी उन पर गहरा प्रभाव है।
नेता ने सोशल मीडिया पर धर्म परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं को गलत बताते हुए कहा कि उनका धर्म बदलने का न तो कोई इरादा है और न ही उन्हें इसकी आवश्यकता महसूस होती है। उन्होंने कहा कि वह सिख समुदाय के बुलावे पर गुरुद्वारे जाते हैं, मुस्लिम समुदाय के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं और हिंदू धर्म के त्योहारों में भी हिस्सा लेते हैं।
कल 20 अक्टूबर को दिल्ली के रानी झांसी मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मैं मुख्य अतिथि के तौर पर सम्मिलित हुआ था । एक सच्चा समाजवादी होने के नाते मैं प्रत्येक धर्म, जाति, वर्ग और समुदाय का सम्मान करता हूं और जो भी अपने कार्यक्रम में सम्मान के साथ आमंत्रित करता है उसमें सम्मिलित होता हूं । मैं सिख भाइयों के बुलावे पर गुरुद्वारे में गुरु ग्रंथ साहब को मत्था टेक कर भी आता हूं । मुस्लिम भाइयों के बुलावे पर उनकी मजलिस में भी शामिल होता हूं । हिंदू धर्म के तीज-त्योहारों में भी सम्मिलित होता हूं । बौद्ध धर्म और गौतम बुद्ध की शिक्षाओं के प्रति मेरा विशेष आकर्षण है और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं । बाबा साहब के विचारों का भी मेरे ऊपर गहरा प्रभाव है । लेकिन कल के कार्यक्रम के बाद बीजेपी आईटी सेल और अंधभक्त कट्टर वादियों ने सोशल मीडिया पर मेरे प्रति दुष्प्रचार कर रखा है कि मैंने हिंदू धर्म त्याग दिया है और धर्म परिवर्तन कर लिया है । मैं बाबा साहब की शिक्षा और गौतम बुद्ध के बताये उपदेशों का भरपूर समर्थन करते हुए यह गहरा विश्वास रखता हूं कि मुझे धर्म परिवर्तन करने की ना तो कोई आवश्यकता है ना ऐसा मेरा कोई इरादा है । हम किसी भी धर्म में रहकर मानवता की सेवा कर सकते हैं और भेदभाव, छुआछूत, घृणा, अंधविश्वास और पाखंड के खिलाफ बोल सकते हैं । कृपया भाजपा आईटी सेल के दुष्प्रचार में न फंसे और कोई गलतफहमी न पालें धन्यवाद । जय भीम । नमो बुद्धाय ।
— Rajkumar Bhati (@rajkumarbhatisp) October 21, 2026
गलतफहमी नहीं पालने की अपील
उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के बाद भाजपा आईटी सेल और कुछ कट्टरपंथी लोगों की ओर से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से ऐसी चर्चाओं पर विश्वास न करने और किसी तरह की गलतफहमी नहीं पालने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा करने के साथ भेदभाव, छुआछूत, घृणा, अंधविश्वास और पाखंड के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। अपने संदेश के अंत में उन्होंने ‘जय भीम’ और ‘नमो बुद्धाय’ कहा।