यूपी: फार्मेसी प्रवेश में दूसरे राज्य के छात्रों को चौथे चरण से मौका, काउंसिलिंग इस तारीख से शुरू; जानें अपडेट
उत्तर प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश काउंसिलिंग 25 सितंबर से शुरू होगी। पहले तीन चरणों में केवल प्रदेश के छात्रों को मौका मिलेगा, जबकि दूसरे राज्यों के पात्र अभ्यर्थी चौथे चरण से शामिल हो सकेंगे। चौथा चरण 17 अक्तूबर और पांचवां चरण 25 अक्तूबर से शुरू होगा। कक्षाएं 31 अक्तूबर से चलेंगी।
विस्तार
प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में 25 सितंबर से शुरू हो रही प्रवेश काउंसिलिंग में शुरुआत के तीन चरण उत्तर प्रदेश के छात्रों के लिए ही होंगे। जबकि दूसरे राज्य के छात्रों को चौथे चरण से प्रवेश में मौका मिलेगा। चौथे चरण की प्रवेश काउंसिलिंग 17 अक्तूबर से शुरू होगी। जबकि इन प्रवेश लेने वाले छात्रों की पढ़ाई 31 अक्तूबर से शुरू होगी।
जीकप की ओर से जारी काउंसिलिंग कार्यक्रम के अनुसार चौथे व पांचवें चरण में अन्य राज्यों के पात्र अभ्यर्थी भी शामिल होंगे। इसमें संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक) 2026 में शामिल ऐसे सभी गैर-आवंटित पात्र अभ्यर्थी, जो उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों से हैं, शामिल हो सकेंगे।
चौथे चरण की च्वाइस फिलिंग 17 से 20 अक्तूबर तक, सीट आवंटन 21 अक्तूबर तथा फ्रीज-फ्लोट विकल्प व सिक्योरिटी व काउंसिलिंग फीस जमा करने की प्रक्रिया 22 से 24 अक्तूबर तक होगी। इसी अवधि में फ्रीज अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन जिला सहायता केंद्रों पर किया जाएगा।
पांचवें चरण की च्वाइस फिलिंग 25 से 26 अक्तूबर तक और सीट आवंटन 27 अक्तूबर को होगा। सिक्योरिटी व काउंसिलिंग फीस जमा करने की प्रक्रिया 28 से 30 अक्तूबर तक निर्धारित है। इसमें फ्लोट विकल्प उपलब्ध नहीं होगा। सीट फ्रीज करने वाले अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 28 से 30 अक्टूबर तक जिला सहायता केंद्रों पर किया जाएगा।
इन दो चरण में प्रवेशित सीट से नाम वापस लेने की प्रक्रिया 30 अक्तूबर को तथा पीआई रिपोर्टिंग 22 से 30 अक्तूबर तक निर्धारित की गई है। सत्र 2026-27 के लिए कक्षाएं 15 अक्तूबर से शुरू होंगी। काउंसिलिंग से संबंधित अन्य सूचनाएं व जानकारी परिषद के पोर्टल jeecup.admissions.nic.in पर उपलब्ध है। इन चरणों में प्रवेश पाने वाले छात्रों की फिजिकल रिपोर्टिंग 22 से 30 अक्तूबर तक होंगी। जबकि कक्षाएं 31 अक्तूबर से चलेंगी।