UP: लखनऊ में लोहे की जंजीर से दरोगा को मारा, 24 पर मुकदमा, 200 भैंसें उठवाईं; मेयर बोलीं- इलाका साफ कर देंगे
लखनऊ के पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नगर निगम और पुलिस टीम पर हमला हुआ। दरोगा पर लोहे की जंजीर से हमला करने का आरोप है। मामले में 24 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान भैंसें भी पकड़ी गईं और कार्रवाई जारी रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर पथराव और हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपी महिलाओं खुशबू और आफरीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में नामजद और अज्ञात समेत कुल 24 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर हमले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। मंगलवार को नगर निगम की टीम के साथ 3 थानों की फोर्स और एक कंपनी पीएसी बल पहुंचा। सभी जवान हेलमेट, बुलेटप्रूफ जैकेट पहने हुए थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम ने 4 मोहल्लों से करीब 200 भैंसें उठवा लीं।
हमले में ये पुलिस कर्मी हुए थे घायल
दरअसल, रविवार को नगर निगम जोन-6 की टीम पुलिस बल के साथ पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के मुताबिक टीम ने कार्रवाई शुरू की तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। हमलावरों ने बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल को दौड़ाकर पीटा। आरोप है कि उन पर लोहे की चेन से भी हमला किया गया। मारपीट में उनकी वर्दी फट गई और वह कीचड़ में गिरकर घायल हो गए। उनके सिर में छह टांके लगे हैं।
हमले में नगर निगम के तीन कर्मचारी अवधेश कुमार, अभिनव और फुरकान भी घायल हुए। इसके अलावा निगम के तीन सरकारी वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। मामले में चौकी प्रभारी और नगर निगम की ओर से पारा थाने में तहरीर दी गई है।
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के मुताबिक अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिस, नसीम, रानू, जीशान और नाफिस समेत 12 नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
महापौर बोली- ये बर्दाश्त नहीं होगा
घटना के बाद टीमों के बाद मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी पहुंचे। यहां मेयर ने कहा, जो पुलिस आपकी सुरक्षा करती है, उस पर हमला स्वीकार नहीं है। पूरा इलाका साफ कर देंगे। इन लोगों ने पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला किया। आज पूरे इलाके से भैंसें उठवा ली गई हैं। दरोगा पर हमला कर सिर फोड़ दिया गया था।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान पशु कल्याण अधिकारी डॉ अभिनव वर्मा जी, जोन-6 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव जी, प्रवर्तन टास्क फोर्स (ETF) के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।
हमला करने वालों पर तलाश जारी
महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, नगर निगम एवं पुलिस टीम पर हमला करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर में अवैध डेयरियों के संचालन पर रोक लगाने और जनसुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा।