फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP T20 League: Matches begin today amidst a spectacular opening.

यूपी टी-20 लीग : रंगारंग आगाज के बीच मुकाबले आज से

Fri, 14 Aug 2026 02:32 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Fri, 14 Aug 2026 02:32 AM IST
विज्ञापन
UP T20 League: Matches begin today amidst a spectacular opening.
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का मंच तैयार है। शुक्रवार को इकाना स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह में क्रिकेट के साथ कॉन्सर्ट, ड्रोन और लाइट शो का रोमांच देखने को मिलेगा। छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होने वाली इस लीग की शुरुआत गत विजेता काशी रुद्रास और उपविजेता मेरठ मावरिक्स के बीच मैच के साथ होगी। लीग के मुकाबलों का भारत में सजीव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 2 पर किया जाएगा और इसे 150 देशों में प्रसारित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लीग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे।
लीग से पहले बृहस्पतिवार को कैप्टंस मीट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने ‘स्पीड हंट’ के जरिए सामने आई प्रतिभाओं का जिक्र करते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के उन तेज गेंदबाजों को तलाशना था, जिन्हें संसाधनों या उचित मंच के अभाव में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिल पाता है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में बिना किसी ट्रायल फीस के खिलाड़ियों की तलाश की गई। कुछ दिन पहले तक गुमनाम रहे युवा ने ट्रायल में लगातार 144 से 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर अपनी क्षमता साबित की और ऑक्शन में 2.50 लाख रुपये की बेस प्राइस से बढ़कर 21.50 लाख रुपये में बिकना इस पहल की सफलता को दर्शाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम और मीडिया मैनेजर अहमद अली खान तालिब भी मौजूद थे।

लखनऊ में होगी शुरुआत, कानपुर में फाइनल
सीजन-4 में छह टीमों के बीच कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ में होगा, जबकि प्लेऑफ और फाइनल समेत दूसरे चरण के मुकाबले 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। लीग का फाइनल 6 सितंबर को होगा। 14 अगस्त को उद्घाटन मुकाबले से पहले इकाना स्टेडियम में बॉलीवुड और पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस लाइव परफॉर्मेंस देंगे। इसके साथ ड्रोन और लाइट शो से उद्घाटन समारोह को भव्य बनाया जाएगा।

कप्तानों ने किया खिताब जीतने का दावा
लखनऊ फॉल्कंस टीम के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि पिछले दो सीजन में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन इस बार ऑक्शन में कमियों को दूर कर संतुलित टीम तैयार की गई है। टी-20 मुकाबला 11 खिलाड़ियों का खेल है और सकारात्मक माहौल के साथ टीम खिताब जीतने उतरेगी।
मेरठ मावरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने कहा कि हमारी टीम का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है, हमारी टीम लगातार तीन सीजन से फाइनल खेली है और एक बार खिताब भी जीत चुकी है। कप्तानी दबाव नहीं बल्कि चुनौती है और उनका प्रयास खिलाड़ियों को बिना दबाव अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करना होगा। जहां तक दलीप ट्रॉफी के बाद लीग से अलग होने का सवाल है तो इसके लिए टीम प्रबंधन से योजना बनाई है। इस योजना के अनुसार काम किया और जीत हमारी होगी।
गत विजेता काशी रुद्रास की ओर से मौजूद उपेन्द्र यादव ने बताया कि हमारे कप्तान करन शर्मा अस्वस्थ होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। टीम का प्रशिक्षण शिविर कई सप्ताह से चल रहा है और चैंपियन के रूप में मैदान पर सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश होगी।
कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी, नोएडा किंग्स के माधव कौशिक और गोरखपुर लायंस के आर्यन जुयाल ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच दिया है। इस बार टीमों में कई नए और ऊर्जावान खिलाड़ी शामिल हुए हैं, जिससे मुकाबले रोमांचक होने की उम्मीद है।

...पर किसी टीम ने नहीं घोषित की खिलाड़ियों की पूरी सूची
एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) 14 अगस्त से शुरू होने वाली यूपी टी-20 लीग को पारदर्शी ढंग से आयोजित करने की बात कह रही हैं तो वहीं दूसरी ओर इसमें भाग ले रही छह टीमों ने अभी तक अपने 25 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी नहीं की है। दरअसल, बीती 24 जुलाई को आगरा में हुए मिनी आक्शन के बाद प्रत्येक टीम में खिलाड़ियों की संख्या 18 हो गई। इसके बाद यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल ने सभी फ्रेंचाइजियों को प्रदेश स्तरीय ट्रायल के माध्यम से सात खिलाड़ी चुनने का विकल्प दिया गया। बस यहीं से पारदर्शिता को ताक पर रख दिया गया और ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले तमाम खिलाड़ियों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से चयन किया गया। यहीं कारण है कि लीग शुरू होने में एक दिन पहले तक किसी भी टीम ने अपनी 25 सदस्यीय खिलाड़ियों की सूची सार्वजनिक नहीं की।


नहीं बिके उद्घाटन समारोह के टिकट
हैरत की बात है कि इकाना स्टेडियम में मशहूर गायक शंकर महादेवन, प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलास की मौजूदगी में होने वाले यूपी टी-20 लीग के रंगारंग शुभारंभ के लिए रियायती दरों पर टिकट रखे गए, लेकिन एक दिन पहले तक करीब 1300 टिकट ही बिक पाए हैं। ऐसे में आयोजकों ने भीड़ जुटाने के लिए स्कूल, कॉलेज और खिलाड़ियों को बुलाने का फैसला किया है ताकि 50 हजार की कुल क्षमता वाले इकाना स्टेडियम को आधा भरा जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed