यूपी: विनोद तावड़े का सपा पर हमला, बोले- 'प्रदेश में दंगा और अराजकता' वाला पीडीए का सपना कभी पूरा नहीं होगा
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सपा तुष्टीकरण और अराजकता फैलाने वाले नेताओं के समर्थन में सक्रिय हो जाती है। तावड़े ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर दंगों का आरोप लगाते हुए कहा कि पीडीए का सपना पूरा नहीं होगा।
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सपा तुष्टीकरण और अराजकता फैलाने वाले नेताओं के समर्थन में सक्रिय हो गई है। तावड़े के मुताबिक, जेल जाकर पार्टी नेताओं से अखिलेश यादव की मुलाकात सपा की प्राथमिकताओं को उजागर करती है।
प्रदेश में दंगा और अराजकता, PDA का सपना कभी नहीं होगा पूरा! चुनाव आता देख अखिलेश यादव जी का तुष्टीकरण और अराजकता फैलाने वाले अपनी पार्टी के नेताओं से जेल जाकर मिलना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता को उजागर करता है। उत्तर प्रदेश की जनता को सब याद है कि किस प्रकार पूर्ववर्ती सपा सरकार ने पश्चिमी यूपी समेत पूरे प्रदेश को दंगों और अराजकता की आग में झोंक दिया था। दंगाइयों के सरगना आजम खान को गृह मंत्री बनाने का सपा का सपना यूपी को विकास की पटरी से उतारकर विनाश के रास्ते पर ले जाने वाला है, जो कभी पूरा नहीं होगा।
— Vinod Tawde (@TawdeVinod) October 22, 2026विज्ञापन
भाजपा नेता ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे प्रदेश में दंगों और अराजकता का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया। पोस्ट में आजम खान को गृह मंत्री बनाने की सपा की कथित मंशा पर भी निशाना साधा गया। तावड़े ने कहा कि सपा की राजनीति प्रदेश को विकास के रास्ते से हटाकर विनाश की ओर ले जाने वाली है और उसका पीडीए का सपना कभी पूरा नहीं होगा।