यूपी: प्रदेश में आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, इन जिलों में गिर सकते हैं ओले, हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट
UP Weather Update Today : यूपी में मौसम आज से पूरी तरह से बदल जाएगा। विक्षोभ की वजह से कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से माैसम ने एक बार फिर से करवट ली है। शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के तराई, एनसीआर और उत्तराखंड से सटे जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवाओं के साथ शामली, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर आदि में हल्की बूंदाबांदी हुई। सहारनपुर, मुजफ्फर नगर और शामली में हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की गई। कई जिलों में दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई।
माैसम विभाग का कहना है कि विक्षोभ के असर से शनिवार को पूर्वी यूपी और मध्यांचल में भी छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं पश्चिमी तराई और उत्तराखंड से सटे लगभग 15 जिलों में ओले गिरने की भी आशंका है। आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बदले हुए माैसम के बीच यूपी में 27 जनवरी से एक और पश्चमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में दिन व रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। वहीं शनिवार को पश्चिमी यूपी में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़त के संकेत हैं, तो वहीं मध्यांचल में बादलों की वजह से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आएगी।
यहां है ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली झोंकेदार हवाओं की आशंका
बढ़ेगी बादलों की हलचल, बूंदाबांदी के आसार
राजधानी में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। देर शाम बादलों की आवाजाही बढ़ी और हवा में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में सक्रिय विक्षोभ के असर से शनिवार को लखनऊ में बादलों की हलचल बढ़ेगी और झोंकेदार हवाओं के बूंदाबांदी के आसार हैं। दिन के तापमान में हल्की गिरावट के संकेत हैं।
शुक्रवार को दिन का तापमान बिना बदलाव के 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का पारा एक डिग्री की गिरावट के साथ 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
