Agar Malwa News: दान में ली चांदी और सोने का जांच दल ने बैंक जाकर किया अवलोकन, वजन कराया
नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में समिति बनाकर दान लेने के मामले की जांच तेज हो गई है। जांच दल ने समिति सदस्यों से पूछताछ कर बैंक लॉकर का निरीक्षण किया, जहां 29 किलो चांदी और 105 ग्राम सोना मिला। दान, वित्तीय रिकॉर्ड और संभावित जिम्मेदारों की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के नाम पर समिति बनाकर सोना-चांदी और नकद राशि दान प्राप्त करने के मामले की जांच के लिए बुधवार को जांच दल नलखेड़ा पहुंचा। यहां समिति सदस्य और जांच दल के बीच बंद कमरे में दो घंटे चर्चा हुई। हालांकि जांच दल में शामिल अधिकारियों ने मीडिया को किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी। दूसरी ओर समिति बनाकर दान लेने वाले लोगों ने कहा कि हमने पूरी ईमानदारी से मां की सेवा की है। हम जांच में पूरी तरह सहयोग देंगे।
अशासकीय व्यक्तियों की समिति वर्ष 2024 से मंदिर परिसर में बकायदा रसीद काउंटर लगाकर सोना-चांदी और नकदी एकत्रित कर रही थी।समिति का पंजीयन भी कराया गया। समिति द्वारा दानदाताओं को दी गई रसीद पर समिति का पंजीयन क्रमांक 07/47/04/19267/24, बैंक खाते का विवरण तथा पांच मोबाइल नंबर अंकित हैं। समिति अध्यक्ष मनोहर लाल पंडा ने कहा कि समय-समय पर ऑडिट कराया गया है। जांच दल को पूरा सहयोग कर रहे हैं। कोषाध्यक्ष सौम्य मित्तल ने कहा कि बैंक में रखे सोना-चांदी और नकदी की जानकारी दी है। इधर, मंदिर परिसर में अशासकीय लोगों द्वारा दान एकत्रित करने को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति पदाधिकारी और कर्मचारी चुप रहे। इसे लेकर भी चर्चा है।
ये भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा ने ठोकी ताल, लिया नामांकन पत्र; तीन दिन में नौ दावेदारों ने खरीदे फॉर्म
मंदिर प्रबंधन समिति अध्यक्ष डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई और सचिव तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव ने मामले में कोई भी जानकारी देने से इंकार किया। बोले कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बुधवार को जांच दल नलखेड़ा पहुंचा। यहां मंदिर परिसर में समिति सदस्यों से जानकारी लेने के बाद जांच दल और सदस्य नलखेड़ा स्थित बैंक पहुंचे। यहां बैंक लाकर में रखे सोने-चांदी का अवलोकन किया और वजन कराया गया। जानकारी अनुसार लाकर में 29 किलो चांदी और 105 ग्राम सोना मिला है। इसके अलावा बैंक खातों में जमा राशी आदि की जानकारी भी प्राप्त की जा रही है।
इन बिंदुओं पर हो रही जांच
1. मंदिर परिसर में अशासकीय समिति द्वारा दान अथवा चढ़ावा प्राप्त करने के तथ्यों एवं उत्तरदायित्व का परीक्षण।
2. रसीद पुस्तिकाओं, बैंक खातों एवं अन्य अभिलेखों के आधार पर प्राप्त नगद, स्वर्ण एवं रजत की मात्रा तथा वित्तीय लेखा-जोखा का सत्यापन।
3. मामले में शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, मंदिर प्रबंधन अथवा अन्य संबंधित व्यक्तियों की संलिप्तता अथवा उत्तरदायित्व का परीक्षण।

जांच करने पहुंचा दल

दानदातओं की सूची भी देखी गई।
