MP News: 'पुलिस ने नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने का पराक्रम दिखाया,' बालाघाट में बोले सीएम मोहन यादव
मुख्यंमत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बालाघाट में पुलिस विभाग के अलंकरण समारोह में संबोधित करते हुए कहा, आज का दिन वास्तविक अर्थ में ऐतिहासिक दिन के साथ ही भारत माता को गौरवान्वित करने का भी दिन है।
विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बालाघाट में पुलिस विभाग के अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा, आज का दिन वास्तविक अर्थ में ऐतिहासिक दिन के साथ ही भारत माता को गौरवान्वित करने का भी दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति ने बालाघाट को विशेष वरदान दिया है। स्वर्ग जैसी भूमि पर नक्सली गतिविधियां कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इसका नमूना इसी वर्ष हॉक-फोर्स के जवानों ने एक अप्रैल को लांजी के पितकोना क्षेत्र में दिखाया है। हॉक-फोर्स और पुलिस के जवानों ने अपनी सक्रियता से नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने में अपना शौर्य और पराक्रम दिखाया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 28 जवानों को शौर्य और पराक्रम प्रदर्शित करने के लिए उनके कंधों पर फीते और सितारे लगाकर क्रम-पूर्व पदोन्नति देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बेल पत्र का पौधा भी लगाया।
पांच साल में तीन करोड़ पांच लाख के इनामी नक्सलियों पर प्रहार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नक्सली गतिविधियों पर अब तक हुई कार्रवाई के बारे में कहा कि पिछले पांच वर्षों में हॉक-फोर्स और पुलिस के जवानों ने 19 नक्सलियों को मार गिराया है, जिन पर विभिन्न प्रदेशों में तीन करोड़ पांच लाख रुपये के इनाम घोषित थे। यह कार्यक्रम उन जवानों को याद और सम्मानित करने का भी दिन है, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपना बलिदान दिया है। साथ ही क्रम से पूर्व प्रमोशन का आयोजन है। सरकार उन सभी के साथ खड़ी है, जिन्होंने हिम्मत और साहस के बल पर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
भारत दुश्मनों के घर में घुसकर मारने वाला तीसरा देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व का ऐसा तीसरा देश बन गया है, जो अपने देश में ही नहीं बल्कि दुश्मन देश की सीमाओं में घुसकर दुश्मनों को खत्म करने की ताकत रखता है। इस्राइल और अमेरिका के बाद भारत तीसरा देश है। मुख्यनमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के पश्चात पुलिस जवानों के परिजनों के साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों को स्नेह व दुलार किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जवानों के माता-पिता व दादा-दादी से आशीर्वाद लिया। साथ ही जवानों के परिजनों के साथ फोटो भी करवाए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने स्वागत संबोधन में आयोजित रूपरेखा बताई। साथ ही पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने एक अप्रैल 24 को लांजी में घटित हुई नक्सली घटना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि 32 वर्ष में पहली बार एक अप्रैल को बड़ी जवाबी कार्रवाई हुई, जिसमें दो हार्डकोर नक्सली मारे गए। वहीं, एके-47 रायफल जैसे घातक हथियार जब्त किए गए। हॉक-फोर्स और पुलिस जवानों के अलंकरण समारोह में क्षेत्रीय सांसद भारती पारधी, कटंगी विधायक गौरव पारधी, लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे, बैहर विधायक संजय उइके, परसवाड़ा विधायक मधु भगत, वारासिवनी विधायक विक्की पटेल, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन व रामकिशोर कावरे तथा नपा अध्यवक्ष भारती सुरजीत ठाकुर उपस्थित रहे।

कमेंट
कमेंट X