फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   bhopal retired couple double murder property dispute investigation ashbagh

MP: संपत्ति या रंजिश? भोपाल में दंपति की गोली मारकर हत्या, दो दिन तक पड़ी रहीं लाशें; FSL जांच ने पलटी कहानी

Sat, 27 Jun 2026 08:30 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,भोपाल Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Sat, 27 Jun 2026 08:30 PM IST
सार

भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में रिटायर्ड दंपति हेमंत बारीक और शकुंतला बारीक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई।

विज्ञापन
bhopal retired couple double murder property dispute investigation ashbagh
भोपाल डबल मर्डर मिस्ट्री - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में रिटायर्ड बुजुर्ग दंपति की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआत में मामला आत्महत्या का माना जा रहा था, लेकिन फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी। अब पुलिस इस मामले की हत्या के एंगल से जांच कर रही है और कई पहलुओं को खंगाल रही है।
विज्ञापन


घर में मिले थे दो दिन पुराने शव

पुलिस के अनुसार 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के शव शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात उनके घर की पहली मंजिल पर एक कमरे में मिले थे। दोनों शव करीब दो दिन पुराने थे और काफी हद तक डीकंपोज हो चुके थे। इसी वजह से शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई नहीं दिए और आत्महत्या की आशंका जताई गई थी।
विज्ञापन


एफएसएल जांच में मिला बड़ा सुराग

शनिवार सुबह एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटनास्थल से एक गोली और तीन खाली कारतूस बरामद हुए। इसके बाद साफ हो गया कि घर में तीन राउंड फायरिंग हुई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच तेज कर दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

ये भी पढ़ें- MP: खुद को घिरा देख लुटेरे ने चली धुएं की चाल! पुलिस की सूझबूझ के आगे फेल हुई प्लानिंग, टली करोड़ों की डकैती

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

शनिवार देर शाम पुलिस को पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि हेमंत बारीक के सीने में गोली मारी गई थी। वहीं शकुंतला बारीक के सिर और कमर में गोली लगने से उनकी मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी।

दोनों सरकारी सेवा से रिटायर थे

हेमंत बारीक भारतीय रेलवे से रिटायर हुए थे। उनकी पत्नी शकुंतला बारीक कस्तूरबा अस्पताल में नर्स थीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुई थीं। शनिवार को परिजनों और पड़ोसियों की मौजूदगी में दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया।

एक का शव फर्श पर, दूसरे का सोफे पर मिला

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शकुंतला बारीक का शव कमरे के अंदर सोफे पर मिला था। जबकि हेमंत बारीक का शव फर्श पर पड़ा था। घटनास्थल से मिले तीनों खाली कारतूस फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों गोलियां कुछ दूरी से चलाई गई थीं।

हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की भी जांच

पुलिस का मानना है कि हमलावर किसी पुरानी रंजिश या निजी कारण से घर पहुंचे हो सकते हैं। इसी संभावना को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने बताया कि घर का सामान पूरी तरह सुरक्षित मिला है। ऐसे में लूटपाट की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी केवल हत्या की नीयत से घर पहुंचे थे। मामले में संपत्ति विवाद, लालच या अन्य व्यक्तिगत कारणों की भी जांच की जा रही है।

किरायेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ

मकान के ग्राउंड फ्लोर और दूसरी मंजिल पर करीब आधा दर्जन किरायेदार रहते हैं। जबकि पहली मंजिल पर बुजुर्ग दंपति अकेले रहते थे। पुलिस सभी किरायेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दंपति का किसी से विवाद या कोई कोर्ट केस तो नहीं था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि तीन गोलियां चलने के बावजूद किसी ने आवाज क्यों नहीं सुनी।

कोई संतान नहीं, करोड़ों की संपत्ति

पुलिस आयुक्त ने बताया कि शुरुआत में जानकारी मिली थी कि दंपति का एक बेटा विदेश में रहता है। लेकिन बाद में परिजनों से पूछताछ में पता चला कि उनकी कोई संतान नहीं थी।दंपति के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति है। जिस मकान में वे रहते थे, उसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा भी उनके नाम पर अन्य संपत्तियां होने की जानकारी मिली है। इसी वजह से संपत्ति विवाद के एंगल पर भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।


आखिरी बार भाभी से हुई थी बातचीत

पुलिस के अनुसार शकुंतला बारीक ने बुधवार को आखिरी बार अपनी भाभी शिवानी से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पति की आंख में परेशानी है और वह उन्हें जांच के लिए कस्तूरबा अस्पताल लेकर जा रही हैं। भाभी ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान शकुंतला ने किसी खतरे, विवाद या परेशानी का कोई जिक्र नहीं किया था। परिवार को भी किसी पुरानी रंजिश की जानकारी नहीं है।

हर पहलू से जांच जारी

फिलहाल पुलिस हत्या के हर संभावित कारण की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट, परिजनों और किरायेदारों के बयान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह और आरोपियों का खुलासा हो सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed