Bhopal: ईरानी डेरे में ईनामी बदमाशों का था डेरा, दोनों हुए गिरफ्तार; एक पर 24 तो दूसरे पर दर्ज है 15 FIR
भोपाल में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निशातपुरा पुलिस ने ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में विशेष सर्चिंग ऑपरेशन चलाकर 17 हजार रुपये के इनामी निगरानी बदमाश सालिग उर्फ रेहान ईरानी समेत दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भोपाल में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निशातपुरा पुलिस ने ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 हजार रुपये के इनामी निगरानी बदमाश समेत दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 40 पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा चलाए गए सर्चिंग और रेड अभियान से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसी लगातार कार्रवाइयों से शहर में मोबाइल झपटमारी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिल रहा है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में विशेष सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में निशातपुरा थाना पुलिस के साथ छोला मंदिर और गांधीनगर थाना पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। पुलिस ने इलाके में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और फरार अपराधियों व वारंटियों की तलाश की।
लूट, चोरी, जालसाजी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं
कार्रवाई के दौरान निशातपुरा थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश सालिग उर्फ रेहान ईरानी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा देकर ईरानी डेरे में छिपकर रह रहा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह काफी समय से वहीं फरारी काट रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में लूट, चोरी, जालसाजी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे 24 गंभीर मामले दर्ज हैं।
दूसरे जिलों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, सालिग उर्फ रेहान पर विभिन्न जिलों में कुल 17 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसमें थाना रानीपुर (जिला बैतूल) के मामले में 10 हजार रुपये, कोतवाली रायसेन के मामले में 5 हजार रुपये तथा थाना पिपलानी (भोपाल) के मामले में 2 हजार रुपये का इनाम शामिल है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। पुलिस अब अन्य जिलों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।
इसी कार्रवाई के दौरान जिला पन्ना के एक मामले में वांछित संदेही रिजवान हुसैन को भी गिरफ्तार किया गया। रिजवान के खिलाफ मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में चोरी, लूट, जालसाजी और मारपीट सहित 15 गंभीर अपराध दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें- MP Rajya Sabha: एमपी की तीन सीटों पर BJP के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, रिटर्निंग अफसर ने सौंपा प्रमाण पत्र
दोनों आरोपियों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य अपराधों और अपराधियों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ईरानी डेरे में सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सूचना मिलते ही तत्काल दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है। निशातपुरा पुलिस की सख्ती के कारण शहर में मोबाइल झपटमारी, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में कमी दर्ज की गई है।

कमेंट
कमेंट X