ममता शर्मसार: जन्म के दो दिन बाद मासूम को पत्थरों से बांधकर नदी में फेंका, नदी में तैरता मिला नवजात का शव
भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र में कलियासोत नदी से एक-दो दिन के नवजात का शव पत्थर से बंधा मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और नवजात के माता-पिता की तलाश की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाली घटना ने ममता, मानवता और सामाजिक संवेदनाओं को कठघरे में खड़ा कर दिया है। जिस मासूम ने अभी दुनिया में ठीक से आंखें भी नहीं खोली थीं, उसे किसी निर्दयी मां ने जन्म के तुरंत बाद मौत के हवाले कर दिया। नवजात शिशु के शव को पत्थरों से बांधकर कलियासोत नदी में फेंक दिया गया, जहां उसका शव पानी की सतह पर तैरता हुआ मिला।
घटना शाहपुरा थाना क्षेत्र स्थित जेके अस्पताल के पीछे बहने वाली कलियासोत नदी की है। स्थानीय लोगों की नजर नदी में तैर रही एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उनके होश उड़ गए। वह एक नवजात शिशु का शव था, जिसे पत्थर से बांधा गया था ताकि वह पानी में डूबा रहे और किसी की नजर में न आए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के अस्पतालों तथा घटनास्थल तक जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
पत्थर बांधकर फेंका गया था शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में जिस स्थान पर शव मिला वहां लगभग दो फीट पानी था। अनुमान लगाया जा रहा है कि शव को छिपाने के उद्देश्य से पत्थर बांधकर नदी में फेंका गया था, लेकिन पानी में रहने के कारण शव फूल गया और सतह पर आ गया। मासूम का शव देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे क्षेत्र में शोक तथा आक्रोश का माहौल बन गया।
पढ़ें: केवट या मीनाक्षी नटराजन, मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट पर कौन चुना जाएगा, क्या कहते हैं आंकड़े?
सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में नवजात की उम्र एक से दो दिन के बीच बताई जा रही है। पुलिस आसपास के अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और प्रसूति केंद्रों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मासूम की पहचान हो सके और इस अमानवीय कृत्य के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा जा सके।
कारणों की पड़ताल में जुटी पुलिस
यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि समाज के सामने एक गंभीर प्रश्न भी खड़ा करती है। आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां रहीं, जिनके कारण एक नवजात को जन्म लेते ही जीवन के अधिकार से वंचित कर दिया गया? कलियासोत के शांत जल में तैरता वह नन्हा शरीर मानवता के सामने एक मौन, लेकिन बेहद पीड़ादायक सवाल छोड़ गया है। थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और नवजात के माता-पिता तथा इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

कमेंट
कमेंट X