{"_id":"6a27f2981c8736d52c08acc3","slug":"mp-rajya-sabha-election-candidates-networth-wealth-education-and-assets-details-in-hindi-2026-06-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP Rajya Sabha Election: प्रत्याशियों के हलफनामे से खुला तिजोरी का हिसाब, जानें इस रण में कौन-कितना मालामाल?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP Rajya Sabha Election: प्रत्याशियों के हलफनामे से खुला तिजोरी का हिसाब, जानें इस रण में कौन-कितना मालामाल?
Tue, 09 Jun 2026 04:31 PM IST
Priya Verma
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: Priya Verma
Updated Tue, 09 Jun 2026 04:31 PM IST
सार
राज्यसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरे भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के हलफनामों ने उनकी आर्थिक स्थिति, जीवनशैली और शैक्षणिक पृष्ठभूमि की दिलचस्प तस्वीर पेश की है। किसी के पास करोड़ों की संपत्ति है तो कोई करोड़पति होने के बावजूद खुद के घर और जमीन का मालिक नहीं है। जानें कौन है, कितना रईस...
विज्ञापन
मप्र राज्यसभा उम्मीदवार: किसके पास है कितनी संपत्ति
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मप्र से राज्यसभा के चुनावी समर में उतरे भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा दाखिल हलफनामे के अनुसार इनकी कुल दौलत, गाड़ियों के शौक और पढ़ाई-लिखाई की एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। चारों उम्मीदवारों में से जहां भाजपा प्रत्याशी सबसे अमीर हैं, वहीं कांग्रेस की उम्मीदवार करोड़पति होने के बावजूद बिना घर-जमीन के रह रही हैं।
विज्ञापन
दिलचस्प बात यह भी है कि राजनीति के इस सफर में इन चारों ही प्रमुख उम्मीदवारों का दामन पूरी तरह पाक-साफ है और किसी पर भी कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है।
विज्ञापन
सबसे अमीर हैं तरुण
दौलत के मामले में देखें तो भाजपा के तरुण चुघ इस सूची में सबसे ऊपर हैं। उनके और उनके परिवार के पास करीब 22 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। इसमें चुघ की अपनी 8.21 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी राधिका की करीब 9.90 करोड़ रुपये की संपत्ति शामिल है।
विज्ञापन
परिवार के पास कुल 890 ग्राम सोना है, जिसमें से 1 करोड़ रुपये का सोना एक आश्रित सदस्य के नाम है। वर्ष 2019 मॉडल की इनोवा क्रिस्टा कार के मालिक तरुण चुघ ने कई कंपनियों में निवेश भी किया है। हालांकि सालाना करीब 37 लाख रुपये कमाने वाले चुघ पर 85 लाख रुपये और उनकी पत्नी पर 4.89 करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी कर्ज है। इन्होंने मेघालय से एमबीए किया है।
विरासत में मिली करोड़ों की जमीन
अमीरी में दूसरे नंबर पर हैं निवाड़ी जिले के ओरछा निवासी महेश केवट, जिनकी कुल संपत्ति 2.73 करोड़ रुपये से अधिक है। केवट को अपनी अधिकांश संपत्तियां विरासत में मिली हैं। उनकी 2.53 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति में ओरछा की कृषि भूमि, गैर-कृषि भूमि और दो आवासीय भवन शामिल हैं।
ये भी पढ़े: मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: किसानों को राहत, भोपाल मेट्रो को अतिरिक्त राशि, 15 जून तक पूरे होंगे तबादले
चल संपत्ति के तौर पर पति-पत्नी के पास करीब 26.34 लाख रुपये की पूंजी, 61 ग्राम सोना और 190 ग्राम चांदी है। दिसंबर 2024 में उन्होंने 12.75 लाख रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन कार खरीदी है और उन पर 8.35 लाख रुपये का वाहन ऋण बकाया है।
गैस एजेंसी के मालिक
तीसरे पायदान पर भाजपा के रजनीश कुमार अग्रवाल हैं, जो पेशे से कारोबारी हैं और कुल 2 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। रजनीश अग्रवाल रुचि गैस एजेंसी के प्रोपराइटर हैं। इनके पास 1.16 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और स्वयं व पत्नी के नाम मिलाकर करीब 91.71 लाख रुपये की चल संपत्ति है।
अग्रवाल के पास 20 ग्राम और उनकी पत्नी के पास 150 ग्राम सोना है। वाहनों में इनके पास टोयोटा इटियोस क्रॉस और महिंद्रा बोलेरो कार है। सागर विश्वविद्यालय से ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री लेने वाले रजनीश की सालाना आय करीब 9.92 लाख रुपये है।
करोड़पति, पर खुद का घर नहीं
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन इस सूची में सबसे नीचे हैं, लेकिन उनका हलफनामा सबसे चौंकाने वाला है। मंदसौर की रहने वाली मीनाक्षी के पास रहने के लिए न तो खुद का कोई घर है और न ही कोई जमीन। उनके नाम पर शून्य अचल संपत्ति दर्ज है।
हालांकि उनके पास 1.35 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें से करीब 88 लाख रुपये बैंकों में एफडी के रूप में जमा हैं। इनके पास एक टाटा टियागो कार और 100 ग्राम सोना है। मीनाक्षी पर कोई कर्ज नहीं है और वे पूर्व सांसद के रूप में मिलने वाली पेंशन और बैंक ब्याज से अपना खर्च चलाती हैं। इन्होंने इंदौर से बायोकेमिस्ट्री में एमएससी और एलएलबी की पढ़ाई की है।
