सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   MP Weather Today: Delayed monsoon leads to a dry June; MP records 52% rainfall deficit; heatwave in 4 district

MP Weather Today: मानसून की देरी से आधा सूखा जून, एमपी में 52% कम बारिश, 4 जिलों में लू, 30 में बारिश का अलर्ट

न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Tue, 23 Jun 2026 07:08 AM IST
विज्ञापन
सार


मध्य प्रदेश में मानसून की धीमी रफ्तार के कारण जून में अब तक सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। प्रदेश के 48 जिलों में वर्षा का आंकड़ा औसत से नीचे है, जिससे खरीफ फसलों की बोवनी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने जबलपुर समेत चार जिलों में लू और भोपाल सहित 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

MP Weather Today: Delayed monsoon leads to a dry June; MP records 52% rainfall deficit; heatwave in 4 district
मौसम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक में हो रही देरी का असर बारिश के आंकड़ों पर साफ दिखाई दे रहा है। जून के 23 दिन बीतने के बाद भी प्रदेश में अपेक्षित वर्षा नहीं हो सकी है। एक जून से अब तक जहां औसतन 70.9 मिमी बारिश दर्ज होनी चाहिए थी, वहीं केवल 34.3 मिमी वर्षा हुई है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर सहित 48 जिलों में वर्षा का स्तर सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को जबलपुर, मंडला, दमोह और उमरिया में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, इंदौर, धार, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा सहित करीब 30 जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके विपरीत मालवा, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कई जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी बनी रह सकती है। नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, गुना, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, रीवा और सिंगरौली समेत कई जिलों में गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।


खरीफ फसलों की बोवनी पर असर
कम बारिश का सबसे ज्यादा असर खरीफ सीजन की तैयारियों पर पड़ रहा है। सोयाबीन समेत अन्य फसलों की बुवाई की रफ्तार धीमी बनी हुई है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त नमी के लिए कम से कम चार इंच बारिश जरूरी होती है। फिलहाल प्रदेश में केवल भोपाल ऐसा जिला है जहां चार इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। यहां सामान्य से 53 प्रतिशत अधिक, करीब 4.6 इंच पानी गिर चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मानसून की एंट्री में देरी बनी मुख्य वजह
मध्य प्रदेश में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार तय समय के एक सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हो सका है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। आमतौर पर मानसून के सक्रिय होते ही तेज बारिश का दौर शुरू हो जाता है, जिससे वर्षा के आंकड़ों में तेजी से सुधार आता है।
विज्ञापन


पूर्वी मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश की कमी
प्रदेश के पूर्वी हिस्से जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में हालात ज्यादा चिंताजनक हैं। यहां औसत से करीब 71 प्रतिशत कम बारिश हुई है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में वर्षा की कमी का आंकड़ा लगभग 33 प्रतिशत है।

यह भी पढ़ें-धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस का बदला रूट, भोपाल होकर चलेगी जोधपुर-चेन्नई स्पेशल ट्रेन


सिर्फ सात जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
अब तक भोपाल, अशोकनगर, आगर-मालवा, गुना, मंदसौर, नीमच और श्योपुर ऐसे जिले हैं जहां सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। जबकि अनूपपुर, बालाघाट, जबलपुर, सागर, रीवा, इंदौर, उज्जैन, धार, ग्वालियर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम समेत अधिकांश जिलों में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से नीचे बना हुआ है। सोमवार को प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज रहीं। धार जिले में करीब दो इंच वर्षा दर्ज की गई, जबकि भोपाल में लगभग पौन इंच बारिश हुई। इंदौर, उज्जैन, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, खंडवा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, सतना और बड़वानी सहित 17 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला।

यह भी पढ़ें-धर्मगुरु, राजनीतिक दल व अफसर देंगे राय; मानसून सत्र में विधेयक पेश करने की तैयारी


दतिया सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा
सोमवार को पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दतिया सबसे गर्म रहा और यहां तापमान 42.2 डिग्री तक पहुंच गया। ग्वालियर में 40.2 डिग्री, जबलपुर में 36 डिग्री, भोपाल में 35.2 डिग्री, उज्जैन में 35 डिग्री और इंदौर में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed