त्विषा शर्मा केस: गिरिबाला सिंह और बेटे समर्थ पर 24 घंटे नजर, जेल में कड़ी सुरक्षा; प्रशासन भी है सतर्क
त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जेल भेजे गए पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दोनों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जेल प्रशासन ने अतिरिक्त प्रहरी और सीसीटीवी तैनात किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजे गए हाई-प्रोफाइल आरोपियों की सुरक्षा को लेकर भोपाल केंद्रीय जेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके अधिवक्ता पुत्र व त्विषा के पति समर्थ सिंह की सुरक्षा के लिए जेल परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। दोनों की बैरकों के आसपास एक दर्जन से अधिक प्रहरियों की तैनाती की गई है, वहीं अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
समर्थ सिंह सामान्य वार्ड में शिफ्ट, सुरक्षा बरकरार
शुरुआती दिनों में कड़ी निगरानी में रखे गए समर्थ सिंह को अब सामान्य वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है। हालांकि वार्ड बदलने के बावजूद उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं की गई है। उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पांच विशेष प्रहरियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही वार्ड के संवेदनशील हिस्सों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
पढ़ें: तीसरी सीट पर भाजपा का प्रत्याशी उतारने का फिलहाल कोई विचार नहीं; प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल बोलें
गिरिबाला सिंह की सुरक्षा में सात महिला प्रहरी
महिला बैरक में बंद पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। उनकी सुरक्षा में सात महिला प्रहरियों को तैनात किया गया है। बैरक के प्रवेश और निकास द्वारों समेत आसपास के पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी निगरानी में रखा गया है, जिसकी मॉनिटरिंग सीधे जेल कंट्रोल रूम से की जा रही है।
29 बंदियों को लेकर विशेष सतर्कता
जेल प्रशासन की चिंता की एक बड़ी वजह यह भी है कि गिरिबाला सिंह ने अपने न्यायिक कार्यकाल के दौरान कई चर्चित और संवेदनशील मामलों में फैसले सुनाए थे। वर्तमान में भोपाल केंद्रीय जेल में ऐसे करीब 29 बंदी सजा काट रहे हैं, जिन्हें उनकी अदालत ने दोषी ठहराया था।
प्रशासन को आशंका है कि कुछ बंदियों में पूर्व न्यायाधीश के प्रति नाराजगी हो सकती है। किसी भी अप्रिय घटना या टकराव की आशंका को देखते हुए न केवल गिरिबाला सिंह की सुरक्षा बढ़ाई गई है, बल्कि उन 29 बंदियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों की बैरकों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है।
