Bhopal: टीवी का चैनल बदलने पर पत्नी ने पति पर हंसिए से किया हमला, सिर और गाल पर गंभीर चोट
पति द्वारा टीवी का चैनल बदलने पर भोपाल के छोला मंदिर क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पत्नी ने हंसिए से हमला कर पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी भोपाल के पुराने शहर स्थित छोला मंदिर थाना क्षेत्र में टीवी का चैनल बदलने जैसी मामूली बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि टीवी देख रही पत्नी ने चैनल बदलने से नाराज होकर पति पर घर में रखे हंसिए से हमला कर दिया। हमले में पति के सिर और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय राकेश अहिरवार मूल रूप से विदिशा जिले के निवासी हैं। वह वर्तमान में भोपाल की नगर निगम कॉलोनी में रहकर मजदूरी करते हैं। राकेश ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी राममनी अहिरवार अक्सर छोटी-छोटी घरेलू बातों पर विवाद करती है।
घटना शुक्रवार की है। राकेश नशे की हालत में घर पहुंचे थे। उस समय उनकी पत्नी टीवी देख रही थी। इसी दौरान राकेश ने टीवी का चैनल बदल दिया। इससे नाराज होकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पत्नी ने घर में रखा धारदार हंसिया उठाकर राकेश पर हमला कर दिया।
पढे़ं: नरोत्तम मिश्रा के राजनीतिक भविष्य के लिए क्यों अहम? जीत और हार के अलग-अलग मायने
हंसिए के वार से राकेश के सिर और गाल पर गहरे घाव हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। इसके बाद घायल राकेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि हुई।
अस्पताल से मिली मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर छोला मंदिर थाना पुलिस ने शनिवार को आरोपी पत्नी राममनी अहिरवार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पति के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस पड़ोसियों और आरोपी महिला के मायके पक्ष के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
