Chhindwara News: ATM में लाखों की डकैती की साजिश नाकाम, पुलिस ने घेराबंदी कर दो बदमाश और एक नाबालिग को दबोचा
छिंदवाड़ा पुलिस ने एटीएम लूट की साजिश नाकाम करते हुए दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। मौके से तलवार, चाकू, हथौड़ी और लोहे की रॉड बरामद हुई। दो आरोपी फरार हैं। पूछताछ में एटीएम तोड़कर नकदी लूटने की योजना का खुलासा हुआ। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
छिंदवाड़ा पुलिस ने एटीएम लूट की साजिश नाकाम करते हुए दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। मौके से तलवार, चाकू, हथौड़ी और लोहे की रॉड बरामद हुई। दो आरोपी फरार हैं। पूछताछ में एटीएम तोड़कर नकदी लूटने की योजना का खुलासा हुआ। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छिंदवाड़ा शहर में एटीएम लूट की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही देहात थाना पुलिस ने उसे विफल कर दिया। खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम को निशाना बनाने की फिराक में जुटे बदमाशों की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दी। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से तलवार, चाकू, हथौड़ी और लोहे की रॉड जैसे हथियार और औजार बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल एटीएम मशीन तोड़ने की तैयारी में किया जाना था।
देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश खजरी शराब भट्टी के समीप स्थित एटीएम में डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने तीन लोगों को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज उर्फ टूटू उईके (18) निवासी ढीमराढाना और राहुल टेकाम (19) निवासी ढीमराढाना के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। वहीं परस उर्फ परसराम सूर्यवंशी निवासी अमन कॉलोनी, कुकड़ाजगत और कटर उर्फ अभिषेक यादव निवासी गुलाबरा फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
ये भी पढ़ें- दतिया में एक बजे तक हुआ 50.26 % मतदान, विरोध के बाद लखनपुर में मतदान किया गया शुरू
एटीएम तोड़कर नकदी लूटने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एटीएम मशीन को तोड़कर उसमें रखी नकदी लूटने की योजना बनाकर मौके पर एकत्र हुए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तलवार, चाकू, हथौड़ी और लोहे की रॉड बरामद की है। पुलिस का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बदमाश वारदात को अंजाम दे सकते थे।
पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार और फरार आरोपियों के खिलाफ चोरी सहित अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी एटीएम या संपत्ति संबंधी वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
देहात थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनकी पूर्व की गतिविधियों का भी खुलासा हो सकता है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
