{"_id":"6a71a9a16fd57244ff078422","slug":"dog-squad-opens-teak-smuggling-secret-sniffing-at-the-house-of-accused-seizes-wood-worth-rs85-thousand-also-tries-to-stop-action-chhindwara-news-c-1-1-noi1218-4574606-2026-08-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Seoni News: खोजी श्वान 'ग्लो' ने खोला सागौन तस्करी का राज, सूंघ निकाली अवैध लकड़ी, तस्करों का पर्दाफाश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Seoni News: खोजी श्वान 'ग्लो' ने खोला सागौन तस्करी का राज, सूंघ निकाली अवैध लकड़ी, तस्करों का पर्दाफाश
Tue, 04 Aug 2026 03:47 PM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिवनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिवनी
Published by: छिंदवाड़ा ब्यूरो
Updated Tue, 04 Aug 2026 03:47 PM IST
सार
अवैध सागौन कटाई की सूचना पर वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड के साथ दबिश दी। खोजी श्वान सीधे संदिग्धों के घर पहुंचा, जहां से अवैध सागौन की लकड़ी बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान हंगामे के बीच पुलिस और राजस्व विभाग की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद टीम
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में अवैध सागौन कटाई के खिलाफ वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। खोजी श्वान की सूंघने की क्षमता के आधार पर वन विभाग की टीम संदिग्धों के घरों तक पहुंची, जहां से अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करते हुए जब्त लकड़ी हटाने और साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया। इसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग की मौजूदगी में संयुक्त कार्रवाई पूरी की गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी के वन परिक्षेत्र कुंभपानी के बीट डोला, सर्किल ठोंटा अंतर्गत आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-1403 में अवैध सागौन कटाई की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया।
विज्ञापन
खोजी श्वान 'ग्लो' पहुंचा संदिग्धों के घर
घटनास्थल से सुराग लेते हुए खोजी श्वान 'ग्लो' ग्राम नाहरझिर पहुंचा और लगातार सुनील गढ़ेवाल, संतोष गढ़ेवाल और पवन गढ़ेवाल के मकानों की ओर संकेत करता रहा। इसके बाद वन विभाग ने विधिवत तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुनील गढ़ेवाल के घर से सागौन के चार चिरपट और तीन लट्ठे बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: शहडोल में पुरानी रंजिश का खूनी अंत: ट्रैक्टर से कुचलकर चाचा की हत्या, भतीजा घायल; दो आरोपियों पर केस दर्ज
जब्ती के दौरान हंगामा
वन विभाग के अनुसार जब जब्त की गई लकड़ी का पंचनामा तैयार किया जा रहा था, तभी कुछ लोग मौके पर एकत्र होकर शासकीय कार्रवाई में बाधा डालने लगे। आरोप है कि उन्होंने जब्त लकड़ी हटाने और छिपाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं खेत में रखी अन्य अवैध सागौन की लकड़ी को भी वहां से हटाकर साक्ष्य प्रभावित करने की कोशिश की गई। स्थिति बिगड़ती देख वन विभाग ने तत्काल बिछुआ पुलिस और राजस्व विभाग को सूचना दी। इसके बाद तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। संयुक्त निरीक्षण के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।
वन विभाग ने कार्रवाई जारी रखते हुए 3 अगस्त को दोबारा ग्राम नाहरझिर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संतोष गढ़ेवाल के खेत से सागौन के तीन और लट्ठे बरामद किए गए। जब्त वनोपज का अनुमानित मूल्य 85,308 रुपये आंका गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वन्यजीवों के आवास पर खतरा
वन अधिकारियों ने बताया कि आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-1403 पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र का महत्वपूर्ण वन एवं वन्यजीव आवास है। यहां अवैध वृक्ष कटाई से न केवल वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
वन विभाग ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई, वनोपज के संग्रहण, शासकीय कार्य में बाधा डालने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध वृक्ष कटाई, लकड़ी की तस्करी या अन्य वन अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
