{"_id":"69e4ef368353d941f90267b3","slug":"leopard-terror-fear-in-peepalpani-after-chowkidars-death-body-found-on-roadside-in-the-morning-after-overnight-search-chhindwara-news-c-1-1-noi1218-4186213-2026-04-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chhindwara News: तेंदुए के हमले में चौकीदार की मौत, सड़क किनारे मिला शव, पीपलपानी में दहशत का माहौल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chhindwara News: तेंदुए के हमले में चौकीदार की मौत, सड़क किनारे मिला शव, पीपलपानी में दहशत का माहौल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा
Published by: छिंदवाड़ा ब्यूरो
Updated Mon, 20 Apr 2026 04:08 PM IST
विज्ञापन
सार
पांढुर्णा के पीपलपानी क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक चौकीदार की मौत के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। शव मिलने के बाद जांच में वन्यजीव हमले की पुष्टि हुई, जिसके बाद वन विभाग ने अलर्ट जारी कर सर्चिंग शुरू कर दी है।
मौके पर मौजूद पुलिस
विज्ञापन
विस्तार
जिले की पांढुर्णा तहसील के पीपलपानी क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक चौकीदार की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। रविवार सुबह बोरगांव मार्ग पर सड़क किनारे 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगा, लेकिन मौके पर मिले साक्ष्यों से वन्यजीव हमले की पुष्टि हुई।
Trending Videos
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को मुंह के बल पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर शरीर पर गहरे घाव नजर आए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। नंदनवाड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
विज्ञापन
विज्ञापन
कुछ ही देर में वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। रेंजर प्रभुराम मुछाला, थाना प्रभारी अमित दानी और चौकी प्रभारी आशीष भीमटे ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान जमीन पर तेंदुए के पगमार्क मिले, साथ ही मृतक के शरीर पर दांत और पंजों के गहरे निशान पाए गए, जिससे तेंदुए के हमले की पुष्टि हुई।
मृतक की पहचान बोरगांव निवासी भाऊराव नागरवार (55) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वे शनिवार शाम चौकीदारी की ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन रात में वापस नहीं लौटे। रविवार सुबह उनका शव मिलने से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। घटनास्थल जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से सटा हुआ है, जहां पहले भी जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी गई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी में पानी और शिकार की तलाश में तेंदुए आबादी की ओर आ जाते हैं।
ये भी पढ़ें: छतरपुर में भीषण अग्निकांड: आग में जलकर राख हो गया नमकीन गोदाम, एक घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड; लोग भड़के
घटना के बाद पीपलपानी, बोरगांव और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। लोग शाम होते ही घरों में रहने लगे हैं और बच्चों को बाहर भेजने से बच रहे हैं।
वन विभाग ने क्षेत्र में सर्चिंग और ट्रैकिंग अभियान शुरू कर दिया है। संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है और जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाकर रेस्क्यू की तैयारी भी की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के साथ ही मृतक के परिजनों को वन्यजीव हमले के तहत आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है, जिससे निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर ठोस और त्वरित कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X