Dhar News: बच्चा चोरी की अफवाह में फंसे साधु, पुलिस ने भीड़ से बचाकर निकाला सुरक्षित; खूब हुआ हंगामा
धार जिले के बखतगढ़ में बच्चा चोरी की अफवाह पर ग्रामीणों ने राजस्थान से आए पांच साधुओं को पकड़कर पिटाई कर दी। पुलिस जांच में अपहरण की बात गलत निकली। साधु छात्राओं को आशीर्वाद दे रहे थे, जिसकी गलतफहमी से हंगामा हुआ।
विस्तार
धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम बखतगढ़ में शनिवार को बच्चा चोरी की अफवाह से सनसनी फैल गई। अपहरण के संदेह में ग्रामीणों ने राजस्थान से आए पांच लोगों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। हालांकि पुलिस जांच में बच्चा चोरी या अपहरण की कोई पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल गलतफहमी थी और लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना की पहले पुलिस को जानकारी दें।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ग्रामीणों के अनुसार, बखतगढ़ में तीन लोग कुछ छात्राओं के पास देखे गए थे। आशंका जताई गई कि वे छात्राओं के अपहरण का प्रयास कर रहे हैं। छात्राओं के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दो महिलाओं सहित पांच लोगों को पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने उनके साथ मारपीट भी की।
पढ़ें; धार के जामदा-भूतिया में पांडवकालीन सिदेश्वर महादेव, शिवरात्रि से शुरू होता है भगोरिया
सूचना मिलते ही बदनावर पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों को भीड़ से बचाकर थाने ले आई। बदनावर एसडीओपी अरविंद तोमर ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोग राजस्थान के भीलवाड़ा और राजसमंद जिले के निवासी साधु-संत हैं, जो भिक्षा मांगकर जीवनयापन करते हैं। वे किसी भी क्षेत्र में जाने से पहले संबंधित थाने में अपनी सूचना दर्ज कराते हैं। बखतगढ़ में भी उन्होंने पहले से आमद दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, ये लोग छात्राओं को आशीर्वाद दे रहे थे, जिसे छात्राओं ने गलत समझ लिया और घबराकर शोर मचा दिया। जांच में उनके पास से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और अपहरण जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है।
थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि मामले की जांच के बाद बच्चा चोरी की खबरें पूरी तरह निराधार पाई गईं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय डायल 100 या नजदीकी थाने को सूचना दें।

कमेंट
कमेंट X