छतरपुर में महंत और पुलिसकर्मी के बीच विवाद: ASI पर अभद्रता के आरोप, रामनवमी ड्यूटी के दौरान हुई तू-तू मैं-मैं
छतरपुर में रामनवमी ड्यूटी के दौरान महंत और एएसआई के बीच ट्रैफिक रोकने को लेकर विवाद हुआ। महंत ने अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप लगाए, हालांकि वीडियो में स्पष्ट प्रमाण नहीं। एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
विस्तार
रामनवमी के मौके पर शहर में यातायात व्यवस्था के दौरान एक महंत और पुलिसकर्मी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें संकट मोचन मंदिर से जुड़े महंत राजीव लोचन दास एक एएसआई पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं।
डायवर्ट रूट को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रामनवमी के कार्यक्रमों के चलते शहर में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। इसी दौरान महंत राजीव लोचन दास कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पन्ना नाका के आगे सिविल लाइन थाने में पदस्थ एक एएसआई ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। ड्यूटी के तहत रोके जाने पर महंत नाराज हो गए और मौके पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।
महंत ने लगाए गंभीर आरोप
महंत का आरोप है कि संबंधित एएसआई ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एक अन्य वीडियो में वे गुस्से में पुलिसकर्मी को नौकरी से हटवाने की बात भी कहते नजर आ रहे हैं।
पढ़ें: भोजशाला पहुंचे हाईकोर्ट के जज, 52 मिनट का गोपनीय निरीक्षण; अब दो अप्रैल से शुरू होगी सुनवाई
अभद्रता का स्पष्ट वीडियो नहीं
हालांकि, सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी केवल इशारे से महंत को आगे बढ़ने के लिए कहता दिख रहा है। कथित अभद्र भाषा या जातिसूचक टिप्पणी का कोई स्पष्ट प्रमाण वीडियो में नजर नहीं आता। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
एसपी ने दिए जांच के निर्देश
इस मामले में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा है कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर बहस तेज
घटना के वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग महंत के समर्थन में हैं, तो कुछ पुलिस की ड्यूटी को सही ठहरा रहे हैं। फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X