Farmer Protest in Bhopal: पुलिस को छकाते हुए भोपाल पहुंचे किसान, सड़क पर डाला डेरा; सरकार के साथ वार्ता विफल
भोपाल में मूंग की पूरी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग को लेकर पहुंचे नर्मदापुरम के किसानों ने सावरकर सेतु पर डेरा डाल दिया। कृषि मंत्री से वार्ता बेनतीजा रही। किसान मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समर्थन मूल्य पर मूंग की पूरी उपज खरीदने की मांग को लेकर भोपाल स्थित सीएम हाउस कूच पर निकले नर्मदापुरम के किसान आखिरकार मंगलवार शाम भोपाल पहुंच गए। रास्ते में उन्हें रोकने की पुलिस व प्रशासन ने तमाम कोशिशें कीं, लेकिन वे नहीं माने और लगातार आगे बढ़ते रहे। देर शाम सैकड़ों किसान ट्रैक्टर व अन्य वाहनों के साथ भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित सावरकर सेतु पर पहुंच गए। यहां उन्होंने डेरा डाल दिया और एक तरफ की रोड पर दाल बाटी बनाना शुरू कर दी और हनुमान चालीसा का पाठ किया। किसान सीएम से मिलने की मांग पर अड़े थे। कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने किसानों के प्रतिनिधि मंडल से बात की, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही। किसानों ने मांग पूरी होने तक यहां से नहीं हटने का एलान किया है।
सड़क पर लेट गए किसान
सावरकर सेतु के पास कई किसान सड़क पर ही लेटकर विश्राम करते नजर आए। कुछ किसान अलग-अलग समूहों में बंटकर नारेबाजी करते रहे। किसानों द्वारा सड़क पर डेरा डालने और सीएम हाउस की ओर नहीं बढ़ने से पुलिस प्रशासन का रुख भी कुछ नरम पड़ गया। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। किसानों का कहना है कि फिलहाल उनका आगे बढ़ने का कोई इरादा नहीं है। वे यहीं रात्रि विश्राम करेंगे और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
पढ़ें: सिंघार-पटवारी ने भाजपा को घेरा, भोपाल में किसानों का जमावड़ा
कृषि मंत्री कंसाना से मिले किसान
भोपाल पहुंचने के बाद किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदलसिंह कंसाना से मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और मांगें मंत्री के समक्ष विस्तार से रखीं। कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनकी जायज मांगों को लेकर गंभीर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मूंग खरीदी सहित किसानों से जुड़े सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। ऐदल सिंह कंसाना ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और खरीदी व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी न आए। उन्होंने किसानों से शांति बनाए रखने तथा संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की। किसानों से चर्चा के बाद कंसाना ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को फिर पत्र लिखकर मध्य प्रदेश का मूंग खरीदी कोटा बढ़ाने का आग्रह किया है।
