MP Politics : 'सिंधिया की चमड़ी मगरमच्छ से भी ज्यादा मोटी है', जीतू पटवारी का तीखा हमला; इस पर भी की घेराबंदी
Guna News: गुना के आकाशवाणी रोड पर करवा चौथ के दिन हुए सड़क हादसे में दीपक और प्रियंका कुशवाहा की मौत हो गई। कांग्रेस नेता जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हादसे को प्रशासन की लापरवाही बताया।
विस्तार
करवा चौथ के दिन गुना शहर के आकाशवाणी रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी दीपक कुशवाहा और प्रियंका कुशवाहा की मौत हो गई। बीते दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने मृतक दंपति के परिजनों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जब जीतू पटवारी ने मृतक दंपति की दो वर्षीय मासूम बच्ची को गोद में लिया, तो वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह हादसा सरकार और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है।
'गुना की सड़कें खतरनाक हो चुकी हैं'
परिजनों से बातचीत में पटवारी ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुना की सड़कें खतरनाक हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन चुपचाप बैठा है। करवा चौथ जैसे पवित्र दिन पर नवदंपति की मौत के बाद भी किसी अधिकारी या मंत्री ने परिवार की सुध नहीं ली, जो सरकार की असंवेदनशीलता दिखाता है।
ये भी पढ़ें- सिवनी हवाला कांड : सीएम के निर्देश के बाद एसडीओपी पूजा पांडेय समेत 11 पर एफआईआर, पांच पुलिस कर्मी गिरफ्तार
'...उनकी संवेदनशीलता खत्म हो गई है'
इस दौरान पटवारी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुना में सड़क हादसे में नवदंपति की मौत हो गई, लेकिन सिंधिया ने अब तक परिवार की मदद नहीं की। उनकी संवेदनशीलता खत्म हो गई है। सिंधिया की चमड़ी मगरमच्छ से भी ज्यादा मोटी है। अब जनता को उनका चेहरा देखकर वोट देना बंद करना होगा, इस बार हराना होगा ।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में हालात बहुत खराब हैं। छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप पीने से मासूम बच्चों की मौत हो गई, लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह असंवेदनशील और जनता विरोधी हो चुकी है।

कमेंट
कमेंट X