ग्वालियर पुलिस की किरकिरी: थाने के अंदर सिपाही ने हवलदार को जमकर पीटा, नाराज एसएसपी ने किया तत्काल निलंबित
ग्वालियर के इंदरगंज थाने में ड्यूटी को लेकर फटकार से नाराज सिपाही महेंद्र सिंह चंदेल ने हवलदार अंजनी सिंह से मारपीट कर दी। घटना के बाद एसएसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्वालियर जिले के इंदरगंज थाने में पुलिस विभाग के अनुशासन को चुनौती देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिपाही ने अपने ही वरिष्ठ हवलदार के साथ थाने के भीतर मारपीट कर दी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, इंदरगंज थाने में पदस्थ हवलदार अंजनी सिंह ने सिपाही महेंद्र सिंह चंदेल को ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने और निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन नहीं करने पर फटकार लगाई थी। बताया जा रहा है कि हवलदार की इस कार्रवाई से सिपाही नाराज हो गया।
आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते महेंद्र सिंह चंदेल बाद में थाने पहुंचा और हवलदार अंजनी सिंह से विवाद करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थाने के अंदर अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। स्थिति बिगड़ती देख अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग कर मामला शांत कराया। समय रहते बीच-बचाव नहीं किया जाता तो विवाद और गंभीर रूप ले सकता था।
पढे़ं: चोटों के सवाल पर नहीं मिले जवाब, गिरिबाला-समर्थ को फिर रिमांड पर लेने की तैयारी
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही मामले को गंभीरता से लिया गया। एसएसपी ने प्रारंभिक जांच के बाद सिपाही महेंद्र सिंह चंदेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जांच में विवाद की वास्तविक वजह और घटना के दौरान हुए नियमों के उल्लंघन की पड़ताल की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और कार्य संस्कृति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि इंदरगंज थाना पहले भी पुलिसकर्मियों के आपसी विवादों को लेकर चर्चा में रह चुका है। पिछले वर्ष भी इसी थाने में पुलिस कर्मचारियों के बीच झगड़े की घटना सामने आई थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X