Mandla News: नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने सड़क पर की शैतानियत, चार लोगों को कुचला; एक की मौत तीन गंभीर घायल
मंडला में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
विस्तार
मंडला शहर के कलेक्ट्रेट कॉलोनी के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने चार दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए वहां खड़े लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
यह घटना कॉलोनी के चांदनी पान सेंटर के पास देर रात हुई। हादसे में जनहानि के साथ चार दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चांदनी पान सेंटर के पास स्थित टी-आकार के मोड़ पर स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू वाहन ने वहां खड़ी बाइकों और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
ये भी पढ़ें- भोपाल में लुटेरों का आतंक: स्कूटी सवार महिलाओं का खींचा पर्स, फिसलने से टूटे हाथ-पांव; मोबाइल व नकदी भी लूटी
मामले की जांच जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त।

मंडला में नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने फैलाई दहशत, मौके पर पहुंची पुलिस।

कमेंट
कमेंट X