Mandsaur: शाही अंदाज में नगर भ्रमण पर निकले राजा पशुपतिनाथ, राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती के स्वांग ने मोहा मन
Mandsaur News: पालकी यात्रा से पहले पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में भगवान की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया और उन्हें सुंदर वस्त्र व आभूषणों से सजाया गया। इस मौके पर कलेक्टर अदिति गर्ग और नगर पालिका अध्यक्ष ने पूजा-अर्चना कर आरती उतारी।
विस्तार
श्रावण मास के तीसरे सोमवार को मंदसौर नगरी एक बार फिर अध्यात्म, आस्था और परंपरा के रंगों में रंग गई। अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ की शाही पालकी यात्रा ने शहरवासियों को धार्मिक उल्लास से भर दिया। सैकड़ों भक्तों की मौजूदगी में भगवान को पारंपरिक रूप से सजाई गई पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।
अभिषेक, श्रृंगार और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई शुरुआत
पालकी यात्रा से पहले पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में भगवान की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया और उन्हें सुंदर वस्त्र व आभूषणों से सजाया गया। इस मौके पर कलेक्टर अदिति गर्ग और नगर पालिका अध्यक्ष ने पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। मंदिर परिसर में पुलिस बैंड की धुन पर सशस्त्र बल की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रस्तुत किया गया। यह दूसरी बार था जब भगवान की शाही पालकी को पुलिस बैंड के साथ सलामी दी गई।
यह भी पढ़ें- Bhopal: कृषि मंत्री शिवराज के काफिले में सुरक्षा चूक, बुलेटप्रूफ कार को रॉन्ग साइड से आ रही कार ने मारी टक्कर
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने किया मंत्रमुग्ध
इस भव्य यात्रा में दिल्ली से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, बाहुबली शिव और अन्य देवी-देवताओं के जीवंत स्वांग रचाए। रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजे कलाकारों के भाव-भंगिमा और नृत्य को देखने के लिए श्रद्धालु घंटों तक एक ही स्थान पर खड़े रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धा और कला का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
अखाड़े की युवतियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
पालकी यात्रा का एक खास आकर्षण अखाड़े में युवतियों द्वारा किए गए तलवारबाजी और मार्शल आर्ट्स जैसे करतब रहे। जहां एक ओर भक्त भक्ति में डूबे थे, वहीं दूसरी ओर इन साहसी युवतियों के करतब देख सभी दंग रह गए। यात्रा मार्ग पर युवतियों द्वारा किए गए करतबों को देख लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और प्रशंसा की।
नगर भ्रमण में उमड़ा जनसैलाब, पुष्पवर्षा और फलाहार से हुआ स्वागत
शाही पालकी यात्रा पशुपतिनाथ मंदिर प्रांगण से शुरू होकर खानपुरा, प्रतापगढ़ पुलिया, मंडीगेट, धानमंडी, गणपति चौक, वरुण देव मंदिर, नयापुरा रोड, गौल चौराहा, बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, बस स्टैंड, घंटाघर सहित कई प्रमुख मार्गों से निकली। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, आरती और फलाहार वितरण कर अपने पालनहार का भव्य स्वागत किया गया।
यह भी पढ़ें- Ratlam News: कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, बिजली का तार गिरा; चार श्रद्धालु घायल, दो गंभीर
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, ड्रोन और CCTV से निगरानी
पालकी यात्रा की सफलता के पीछे जिला प्रशासन की सुदृढ़ योजना और सुरक्षा व्यवस्था का बड़ा योगदान रहा। जिला पुलिस बल, सशस्त्र बल और राजपत्रित अधिकारियों की टीम ने पूरे रूट पर नजर बनाए रखी। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से भी निगरानी की गई, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर अदिति गर्ग ने बताया कि प्रशासन ने पूरी सतर्कता के साथ यात्रा की निगरानी की और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया गया।


कमेंट
कमेंट X