बारिश बनी काल: कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबने से महिला की मौत; आधे घंटे बाद निकाला शव
दमोह के सतपारा गांव में बारिश के दौरान कच्चे मकान का छज्जा और दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 56 वर्षीय अनुसुइया बाई की मौत हो गई। ग्रामीणों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव निकाला। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के सतपारा गांव में शनिवार दोपहर बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सतपारा निवासी अनुसुइया बाई पति भागीरथ सेन (56) शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपने घर के मिट्टी वाले कमरे में बैठी थीं। इसी दौरान बारिश के कारण अचानक मकान का छज्जा गिर गया। छज्जा गिरने के बाद कमरे की कच्ची दीवार भी कमजोर होकर भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में अनुसुइया बाई दब गईं।
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण
दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। महिला को मलबे में दबा देखकर ग्रामीणों को भी बुलाया गया। इसके बाद लोगों ने हाथों और अन्य साधनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला गया।
पढ़ें: नर्मदापुरम में आधी रात अग्निकांड, पांच गुमठियां और ठेले खाक; लाखों के नुकसान की आशंका
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मलबे से बाहर निकालने के बाद अनुसुइया बाई को घायल अवस्था में निजी वाहन से पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बारिश के दौरान कच्चे मकान की दीवार गिरने से हुई इस घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
