{"_id":"6a2593c7957a2566170f5c04","slug":"electricity-thieves-audacity-they-broke-13-poles-of-a-33-kv-line-and-stole-the-wires-sagar-news-c-1-1-noi1338-4370449-2026-06-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP: चोरों ने काट दी पूरे इलाके की बिजली, 13 पोल गिराए; 40 घंटे तक बिजली व्यवस्था ठप रहने के आसार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP: चोरों ने काट दी पूरे इलाके की बिजली, 13 पोल गिराए; 40 घंटे तक बिजली व्यवस्था ठप रहने के आसार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर
Published by: सागर ब्यूरो
Updated Mon, 08 Jun 2026 05:45 PM IST
विज्ञापन
सार
सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने 33 केवी विद्युत लाइन को निशाना बनाते हुए 13 बिजली खंभों को क्षतिग्रस्त कर तार चोरी कर लिए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 40 डिग्री तापमान के बीच हजारों लोग बिजली और पानी के संकट से जूझ रहे हैं।
शाहगढ़ क्षेत्र की मुख्य लाइफलाइन कही जाने वाली 33 KV विद्युत लाइन पर चोरों ने बोला धावा
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
सागर जिले के शाहगढ़ तहसील क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शनिवार रात अज्ञात चोरों ने शाहगढ़ क्षेत्र की मुख्य लाइफलाइन कही जाने वाली 33 KV विद्युत लाइन पर धावा बोल दिया। चोरों ने न सिर्फ लाइन के तार काटे, बल्कि 13 भारी-भरकम विद्युत खंभों (पोल्स) को भी तोड़ दिया और तार समेटकर रफूचक्कर हो गए। इस बड़ी वारदात के बाद से पूरा शाहगढ़ क्षेत्र घने अंधेरे में डूबा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच अचानक हुई इस कटौती से हाहाकार मच गया है।
फॉल्ट ढूंढने जंगल पहुंची टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे चोरों ने नेशनल हाईवे पर पठानवली घाटी के पास घने जंगल में इस वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही चोरों ने खंभों को क्षतिग्रस्त कर तार काटना शुरू किया, लाइन में जोरदार फॉल्ट हुआ और पूरे शाहगढ़ की बिजली गुल हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
रविवार सुबह जब विद्युत विभाग की पेट्रोलिंग टीम फॉल्ट का पता लगाने जंगल के अंदर पहुंची, तो वहां का मंजर देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए। लाइन के 13 पोल जमीन पर धराशायी पड़े थे। बताया जा रहा है कि विभाग की टीम को आता देख चोर घबरा गए और तारों के दो बड़े बंडल वहीं छोड़कर भाग निकले।
40 डिग्री तापमान में 'पावर कट' की मार
शनिवार की रात तो नागरिकों ने उमस और अंधेरे में जैसे-तैसे काटी, लेकिन रविवार को सूर्यदेव के तीखे तेवरों ने लोगों को बेहाल कर दिया। रविवार को क्षेत्र का पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस भीषण तपन में बिना पंखे, कूलर और पानी के लोग बूंद-बूंद को तरसने लगे हैं। शाहगढ़ विद्युत विभाग के जेइ रवि सोलंकी ने बताया कि चोरों ने लाइन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया है। नई लाइन बिछाने और खंभे खड़े करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्षेत्र की विद्युत सप्लाई पूरी तरह बहाल होने में लगभग 40 घंटे का समय लग सकता है। टीम लगातार काम कर रही है।
ये भी पढ़ें- MP Rajya Sabha Election: नटराजन के सामने केवट, खरीद-फरोख्त की आशंका के बीच क्या बोले कांग्रेस के दिग्गज?
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
चोरों की इस करतूत ने शाहगढ़ की हजारों की आबादी को 40 घंटे तक नरकीय स्थिति में रहने को मजबूर कर दिया है। इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने लंबा समय लिया होगा, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना से आक्रोशित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को तत्काल चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
शाहगढ़ क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने 33 केवी विद्युत लाइन को निशाना बनाते हुए 13 बिजली खंभों को क्षतिग्रस्त कर तार चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 40 डिग्री तापमान के बीच हजारों लोग बिजली और पानी के संकट से जूझ रहे हैं। विद्युत विभाग ने सप्लाई बहाल होने में करीब 40 घंटे लगने की संभावना जताई है।
