{"_id":"69aa6c49375454612b03e1c1","slug":"mp-crime-uncle-s-brutal-attack-in-sehore-brother-and-sister-going-for-exam-beaten-to-death-with-stick-2026-03-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP Crime: सीहोर में कलयुगी ताऊ का खूनी खेल, परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन पर लठ से किए ताबड़तोड़ वार, हुई मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP Crime: सीहोर में कलयुगी ताऊ का खूनी खेल, परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन पर लठ से किए ताबड़तोड़ वार, हुई मौत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Fri, 06 Mar 2026 11:32 AM IST
विज्ञापन
सार
पुरानी रंजिश के चलते रिश्ते के एक ताऊ ने अपने ही भतीजे और भतीजी पर लठ से हमला कर दिया। हादसे में दोनों भाई-बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
कलयुगी ताऊ ने भाई-बहनों को मौत के घाट उतारा
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
जिले में शुक्रवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। ग्राम धरमपुरी में पुरानी रंजिश के चलते एक ताऊ ने अपने ही भतीजे और भतीजी को लठ से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों भाई-बहन परीक्षा देने घर से निकले थे लेकिन रास्ते में ही उन पर हमला कर दिया गया।
Trending Videos
जानकारी के अनुसार मामला सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी का है। यहां आरोपी ताऊ हरिसिंह मालवीय ने अपने भतीजे कुलदीप (18 वर्ष) और भतीजी शीतल (20 वर्ष) पर लठ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि शीतल और कुलदीप शुक्रवार सुबह घर से परीक्षा देने के लिए निकले थे। जैसे ही वे घर से कुछ दूरी पर पहुंचे, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उसने दोनों पर लगातार लठ से वार करना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से दोनों संभल भी नहीं सके और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई है। मृतकों के पिता जगदीश मालवीय का कहना है कि आरोपी को पहले से जानकारी थी कि दोनों बच्चे उस दिन परीक्षा देने जाने वाले हैं। इसी वजह से वह सुबह से ही रास्ते में लठ लेकर घात लगाकर बैठा हुआ था।
ये भी पढ़ें: Ashoknagar News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा गिरफ्तार, 10 करोड़ की फिरौती के लिए घर पर फेंकने थे पेट्रोल बम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने दोनों पर बेरहमी से हमला किया। सिर और शरीर पर लगातार किए गए वार से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। देखते ही देखते दोनों के शरीर से खून बहने लगा और कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीओपी दामोदर गुप्ता और सिद्दीकगंज थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो बच्चों की एक साथ हत्या से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिछले कई महीनों से आरोपी के साथ विवाद चल रहा था और उन्हें अपनी जान का खतरा भी था। इसके बावजूद पुलिस ने शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन

कमेंट
कमेंट X