Seoni News: सरकारी नौकरी का झांसा देकर 29 लाख की ठगी, दो सगे भाई गिरफ्तार; फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद
सिवनी में दो सगे भाइयों ने फूड कॉपरेशन में नौकरी और वाहन अटैचमेंट का झांसा देकर तीन युवकों से 29 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र व दस्तावेज बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 29 लाख से अधिक की ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने युवकों को एफसीआई में नौकरी और एक सरकारी विभाग में वाहन अटैच कराने का प्रलोभन दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
2023 से 2025 के बीच वसूले 29,01,030 रुपए
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 13 फरवरी 2023 से 16 जून 2025 के बीच फोनपे, नकद और बैंक खातों के माध्यम से कुल 29 लाख 1 हजार 30 रुपए तीन युवकों से ऐंठे। ठगी का शिकार हुए अभिषेक चौरसिया (छीतापार, कुरई), अनिल चौरसिया (मरकावाड़ा, केवलारी) और प्रभात नाग्या (शास्त्री वार्ड, सिवनी) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुनील शेल्के और उनके बड़े भाई रवि शेल्के ने एफसीआई में नियुक्ति और एक सरकारी विभाग में वाहन अटैच कराने का भरोसा दिलाया। विश्वास कायम करने के लिए आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर पीड़ितों को सौंप दिए।
जांच में आरोप सही पाए गए
दस्तावेजों और लेन-देन की जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। इसके बाद 22 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली सिवनी में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पढ़ें: शिवपुरी में हंगामा: शौचालय तोड़ने पर नगर पालिका टीम पर हमला, जमकर हुआ पथराव; कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
नेहरू रोड स्थित घर से दबिश देकर गिरफ्तारी
मंगलवार रात पुलिस ने नेहरू रोड, सुभाष वार्ड स्थित निवास पर दबिश देकर सुनील शेल्के (50) और रवि शेल्के (62) को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, एएसआई दिनेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले में अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी नौकरी के लिए केवल अधिकृत विभागीय प्रक्रिया का ही पालन करें। अनजान व्यक्तियों को पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

कमेंट
कमेंट X