Udaipur: शराबबंदी तोड़ने की मिली अमानवीय सजा, युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटा; 11 लोग हिरासत में
उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में शराबबंदी का नियम तोड़ने के आरोप में युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटा गया और 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने 11 लोगों को डिटेन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में एक युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में लागू शराबबंदी के नियम का उल्लंघन करने पर समाज के पंचों ने युवक पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और कथित तौर पर उसे अमानवीय सजा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने 11 लोगों को डिटेन कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 मई 2026 की है। सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि कमोल गांव में समाज की ओर से शराबबंदी लागू है। आरोप है कि गांव निवासी चूनाराम गमेती 11 मई को शराब पीकर घर पहुंचा था। नशे की हालत में उसने अपने पिता के साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की।
पढ़ें: 'राजनीति में प्रतिशोध की भावना बढ़ रही, संवाद का स्तर गिरा रहा है': अमृत महोत्सव कार्यक्रम में बोलीं वसुंधरा
अगले दिन समाज के पंचों ने भील बस्ती में बैठक बुलाई। बैठक में युवक को शराबबंदी का नियम तोड़ने का दोषी मानते हुए उस पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आरोप है कि इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर बरगद के पेड़ से उल्टा लटका दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। यह वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि युवक को उल्टा लटकाकर मारपीट करना और जुर्माना वसूलना गंभीर मामला है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक 11 लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
