अगर आप मारुति सुजुकी की एरेना या प्रीमियम नेक्सा शोरूम्स से बिकने वाली कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो मारुति ने एक और विकल्प ग्राहकों के लिए पेश किया है। आप चाहें तो बिनी कार खरीदे भी नई मारुति कार के मालिक बन सकते हैं। इसके लिए आपको मारुति की ‘सब्स्क्रिप्शन’ सर्विस लेनी होगी। मारुति ने छह शहरों के ग्राहकों के लिए यह योजना पेश की है।
बिना डाउनपेमेंट किए घर ले जाएं ब्रेजा, बलेनो और सियाज कारें, बस ‘Subscribe’ करनी होगी ये सर्विस
कहां पर और किन ग्राहकों के लिए है योजना
यह योजना खासकर उन ग्राहकों के लिए पेश की गई है जिनकी ट्रांसफरेबल जॉब है या जो हर छह महीने में कार बदलना पसंद करते हैं। य़ा फिर ऐसे ग्राहक जिनके पास डाउनपेमेंट के लिए पैसे नहीं हैं। मारुति ने ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए Maruti Suzuki Subscribe नाम से सबस्क्रिप्शन प्रोग्राम पेश किया है, जिसे दिल्ली, एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम) और बेंगलुरु में शुरू किया गया है। कंपनी ने इसके लिए ओरिक्स ऑटो इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज इंडिया के साथ साझेदारी की है।
स्विफ्ट, बलेनो, ब्रेजा और सियाज जैसी गाड़ियां शामिल
Maruti Suzuki Subscribe सर्विस के तहत ग्राहक मारुति सुजुकी एरेना से नयी स्विफ्ट, नई स्विफ्ट डिजायर, विटारा ब्रेजा और एर्टिगा के अलावा नेक्सा शोरूम से बिकने वाली नई बलेनो, सियाज और XL6 लेने का विकल्प चुन सकते हैं। इसका फायदा यह होगा कि एक कार का सब्सक्रिप्शन खत्म होने पर आप चाहें तो दूसरी कार सबस्क्राइब कर सकते हैं।
कितनी रकम चुकानी होगी
ग्राहक इस सर्विस के तहत 12 महीने से 48 महीने तक का सब्स्क्रिप्शन ले सकते हैं। दिल्ली में स्विफ्ट LXi का 48 महीने के सब्स्क्रिप्शन के लिए मासिक शुल्क 14,463 रुपये (कर सहित) शुरू होता है। इसमें दूसरे खर्चे जैसे जीरो डेप्थ इंश्योरेंस, मैंटेनेंस, 27X7 रोडसाइड असिस्टेंस शामिल है। सब्स्क्रिप्शन की अवधि समाप्त होने के बाद ग्राहक चाहें तो इसे आगे बढ़ा सकते हैं, या फिर नई कार में अपग्रेड सकते हैं, इसके अलावा बाजार कीमत पर उस कार को खरीद भी सकते हैं।
इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन का झंझट खत्म
वहीं ग्राहक चाहें तो कार सफेद नंबर प्लेट (ग्राहक के नाम पर रजिस्ट्रेशन) या फिर काली नंबर प्लेट (ऑरिक्स के नाम पर रजिस्ट्रेशन) का विकल्प भी चुन सकते हैं। ऑरिक्स मारुति सुजुकी डीलर चैनल के जरिए गाड़ी की मैंटेनेंस, इंश्योरेंस कवरेज और रोड साइड असिस्टेंस की जिम्मेदारी उठाएगी। मारुति सुजुकी के कार्यकारी निदेशक (विपणन एवं बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘यह कार्यक्रम व्यक्तिगत ग्राहकों की सुविधा के लिए शुरू किया गया है। इसमें अग्रिम में कोई राशि नहीं देनी होगी। मासिक शुल्क में पंजीकरण की लागत, बीमा और नवीकरण तथा सामान्य रखरखाव शामिल होगा।’’ कंपनी इस सुविधा को आने वाले 2-3 सालों में 40-60 शहरों तक फैलाने की योजना बना रही है।
