अभी तक हम कार खरीदने से पहले कार के फीचर्स के साथ इंजन और परफॉरमेंस को अहमियत देते रहे हैं। लेकिन अब धीरे-धीरे लोगों की सोच में बदलाव आ रहा है। लोग अब सेफ्टी को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं कार कंपनियां भी ग्राहकों को लुभाने के लिए एबीएस, एयरबैग्स जैसे सेफ्टी फीचर्स को अपने मॉडल्स में लॉन्च कर रही हैं। आइए जानते हैं इंडिया की टॉप सुरक्षित कारों के बारे में...
जानें 10 लाख से कम कीमत वाली देश की ‘सेफ’ गाड़ियां के बारे में
टाटा नेक्सन
टाटा नेक्सन को हाल ही में इंडिया की सबसे सुरक्षित कार घोषित किया गया है। ग्लोबल एनसीएपी (न्यू कार एसेसमेंट प्रोग्राम) की रेटिंग में नेक्सन को 5/5 स्टार मिले हैं। 3,994 एमएम लंबाई वाली टाटा नेक्सन को पिछली बार 4 स्टार रेटिंग मिली थी, लेकिन इस बार सीट बेल्ट रिमाइंडर फीचर को शामिल करने के बाद नेक्सन की रेटिंग में बढ़ोतरी हुई। वहीं नेक्सन को चाइल्ड सेफ्टी प्रोटेक्शन में 3 स्टार और एडल्ट सेफ्टी प्रोटेक्शन में 5 स्टार रेटिंग मिली है। नेक्सन में एबीएस (एंटी लॉक ब्रेक्रिंग सिस्टम) के साथ 2 एयरबैग्स भी दिए गए हैं, वहीं एक्सजेड प्लस और एक्सजेडए प्लस वैरियंट में आईसोफिक्स (चाइल्ड सीट फिटिंग सिस्टम) फीचर भी दिया गया है।
नेक्सन की कीमत 6.37 लाख से लेकर 10.77 लाख रुपए तक है।
महिन्द्रा मराजो
महिन्द्रा मोटर्स की मराजो को इस साल अक्टूबर में लॉन्च किया गया था। ग्लोबल एनसीएपी रेटिंग में मराजो को 4/5 स्टार रेटिंग मिली है। मराजो देश की पहली मल्टी पर्पज व्हीकल है, जिसे इतनी रेटिंग मिली है। मराजो में स्टैंडर्ड डबल एयरबैग्स के साथ, सीट बैल्ट रिमाइंडर, एबीएस, फ्रंट सीट बेल्ट प्रिटेंशनर्स और रिअर सीट्स में आईसोफिक्स एंकर्स दिए गए हैं। मराजो को एडल्ट प्रोटेक्शन में 17 में से 12.85 स्कोर मिला है, वहीं चाइल्ड प्रोटेक्शन में 49 में 22.22 स्कोर के साथ 2 स्टार रेटिंग मिली है।
Mahindra Marazzo की कीमत एक्सशोरूम कीमत 9.99 लाख रुपए से लेकर 13.9 लाख रुपए तक है।
मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा
हाल ही में हुए ग्लोबल एनसीएपी क्रेश टेस्ट में ब्रेजा को 4/5 स्टार रेटिंग मिली है। ब्रेजा को एडल्ट प्रोटेक्शन में 17 में से 12.51 स्कोर मिला है, जबकि चाइल्ड प्रोटेक्शन में ब्रेजा को 49 में से 17.93 स्कोर के साथ 2 स्टार रेटिंग मिली है। टेस्ट के दौरान 18 महीने के बच्चे की डमी प्रयोग की गई, जिसमें उसके सिर और कंधों पर चोट लगी। वहीं इसमें लगा आइसोफिक्स फीचर ग्लोबल एनसीएपी स्टैंडर्ड्स के मुताबिक नहीं मिला। ब्रेजा में ट्विन एयरबैग्स, एबीएस, ईबीडी, ड्राइवर सीट बेल्ट रिमाइंडर और आइसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट्स जैसे सेफ्टी फीचर दिए गए हैं।
विटारा ब्रेजा की कीमत 8.90 लाख से शुरू होकर 9.97 लाख रुपए तक है।
टोयोटा इटियोस लिवा
ग्लोबल एनसीएपी क्रेश टेस्ट में लिवा को 4/5 स्टार रेटिंग मिल चुकी है। लिवा को 2016 के क्रेश टेस्ट में एडल्ट प्रोटेक्शन रेटिंग में 16 में 13 स्कोर और चाइल्ड प्रोटेक्शन में 49 में से 20.02 स्कोर के साथ 2 स्टार रेटिंग मिली थी। 64 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर हुए क्रेश टेस्ट में लिवा क्रेश के बाद भी स्टेबल रही। लिवा पर हुआ यह क्रेश टेस्ट डुअल एयरबैग्स वाले वर्जन पर किया गया था। लिवा में फ्रंट सीटबेल्ट प्रिटेंशनर्स, डुअल फ्रंट एयरबैग फ्रंट पैसेंजर फ्रंचल एयरबैग जैसे सेफ्टी फीचर हैं। वहीं इसके अपडेटेड वर्जन में एबीएस, ईबीडी और आइसोफिक्स जैसे फीचर बाद में शामिल किए गए हैं।
लिवा की कीमत 5.49 लाख रुपए से शुरू हो 7.66 लाख तक है।