बिहार पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित बिहार पर्यटन लेख लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को शुक्रवार को एक भव्य कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम पर्यटन निदेशालय सभागार, मुख्य सचिवालय में आयोजित हुआ, जहां पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने सभी विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
Bihar News: बिहार पर्यटन लेख लेखन प्रतियोगिता, विजेताओं को किया गया सम्मानित; देखें तस्वीरें
Patna News: पर्यटन सचिव ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल बिहार के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने का माध्यम है, बल्कि लोगों को अपने अनुभव साझा करने और उनकी लेखन प्रतिभा को पहचानने का भी अवसर देती है।
प्रतियोगिता के लिए पर्यटन विभाग ने विशेषज्ञों की दो टीम बनाई थीं, जिसमें छह सदस्यों ने प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया। विजेताओं को दो श्रेणियों हिंदी और अंग्रेजी में दीर्घ और लघु लेखन के लिए सम्मानित किया गया। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 75,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार के लिए 50,000 रुपये और पांच प्रशंसा पुरस्कार स्वरूप 2,500 रुपये दिए गए।
विजेताओं की प्रेरणादायक कहानियां
इस प्रतियोगिता के विजेता समाज के विभिन्न वर्गों से हैं। इनमें से कई प्रतियोगी अपने करियर की तैयारी कर रहे हैं और इस उपलब्धि को एक बड़ी प्रेरणा मानते हैं। यूपीएससी की तैयारी कर रहे मुंगेर के अविनाश ने अंग्रेजी दीर्घ लेखन में प्रथम पुरस्कार जीता। उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार ने मेरे आत्मविश्वास को बढ़ाया है और पुरस्कार राशि मेरी तैयारी में मदद करेगी।
वहीं, क्लैट की तैयारी कर रहीं पटना की अलिशा को प्रथम पुरस्कार मिला। उन्होंने इसे अपने भविष्य के लिए उत्साहवर्धक बताया। जबकि अपने गांव से यूपीएससी की तैयारी कर रही भोजपुर निवासी नेहा ने कहा कि अब मैं इस पुरस्कार राशि की मदद से शहर जाकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकूंगी। वहीं, द्वितीय पुरस्कार विजेता यूपी के लखनऊ की सारा ने राजगीर के ग्लास ब्रिज का अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए बहुत खास है।
प्रतियोगिता के उद्देश्य और भविष्य की योजनाएं
पर्यटन निदेशक विनय कुमार राय ने कहा कि यह प्रतियोगिता बिहार के समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को बढ़ावा देने का एक प्रयास था। उन्होंने यह भी बताया कि विजेताओं के लेखों को पर्यटन विभाग की पत्रिका ‘यायावर’ में प्रकाशित किया गया है, जो विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
कार्यक्रम में मौजूद रेह प्रमुख लोग
इस कार्यक्रम में उप सचिव इंदु कुमारी, उप निदेशक लीना कुमारी, उप निदेशक जेपी पांडेय समेत विभागीय पदाधिकारी, कर्मचारी और विजेताओं के अभिभावक मौजूद रहे। पर्यटन सचिव ने यह आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा ताकि बिहार के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश में पहचान मिल सके।