साइबर सिटी गुरुग्राम में सोमवार को होने वाले अमर उजाला के वैचारिक संवाद कार्यक्रम में देश की जानी मानी शख्सियतों, नीति नियंताओं, विचारकों और विशेषज्ञों के विचार जानने और उनसे रूबरू होने का मौका मिलेगा। इस कार्यक्रम में खेल और फिल्म जगत की हस्तियों से लेकर राजनीति के पुरोधा जुटेंगे। दो सितंबर को होटल क्राउन प्लाजा में संवाद का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत के पूर्व ओपनर और मुल्तान के सुल्तान के नाम से मशहूर वीरेंद्र सहवाग भी शिरकत करेंगे। इस दौरान उनसे क्रिकेट से जुड़ी कुछ दिलचस्प घटनाओं पर बातचीत होगी। वर्ष 2008 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में तिहरा शतक लगाते हुए 319 रन बनाने वाले भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर सहवाग से खेलों पर विस्तार से चर्चा होगी।
2 of 5
वीरेंद्र सहवाग
- फोटो : PTI
अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में बतौर विशेषज्ञ हिस्सा लेने वाले सहवाग हरियाणा में खेलों की संभावनाओं और विकास पर भी अपने विचार रखेंगे। विश्व क्रिकेट के सबसे विस्फोटक ओपनर्स में शुमार रहे सहवाग आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली और हरियाणा के लिए भी खेल चुके हैं। नजफगढ़ के नवाब और आधुनिक क्रिकेट के जेन मास्टर के रूप में पहचाने जाने वाले सहवाग दाएं हाथ के आक्रामक सलामी बल्लेबाज रहे हैं। वह टेस्ट मैच की एक पारी में 300 या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने यह कारनामा दो बार किया है।
2004 में मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 309 रन बनाए, जबकि 2008 में चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 319 रन बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका सबसे तेज तिहरा शतक था, जिसमें उन्होंने 300 रन सिर्फ 278 गेंदों पर बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी सहवाग हैं। सहवाग ने कुल 90 छक्के लगाए हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर 84 छक्कों के साथ मौजूदा टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा और 78 छक्कों के साथ महेंद्र सिंह धोनी हैं। वीरेंद्र सहवाग का वनडे मैचों में बैटिंग औसत 35.05 का है। वनडे में उनका सवांधिक स्कोर 219 रन है।
दिलचस्प बात यह भी है कि सहवाग की आक्रामक खेल शैली वनडे या टी20 क्रिकेट के अनुकूल है, जबकि वह टेस्ट मैचों में अधिक सफल रहे हैं। उन्होंने अब तक 104 टेस्ट में 40.34 की औसत से 8586 रन, 251 वनडे मैचों में 35.05 की औसत से 8273 रन और 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 145.38 के स्ट्राइक रेट से 394 रन बनाए हैं। टेस्ट में सहवाग के नाम 23 शतक और 32 अर्धशतक, वनडे में 15 शतक और 38 अर्धशतक और टी20 में दो अर्धशतक हैं। इसके अलावा वह दाएं हाथ के पार्ट टाइम स्पिनर भी थे। सहवाग ने टेस्ट में 40 विकेट और वनडे में 96 विकेट भी लिए हैं। टेस्ट में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 104 रन देकर पांच विकेट रही है। वहीं, वनडे में उन्होंने छह रन देकर चार विकेट झटके हैं।
सहवाग ने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ किया था। यह एक वनडे मैच था। वहीं, पहला टेस्ट वीरू ने 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। टी20 डेब्यू सहवाग ने 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किया था। उन्होंने आखिरी टेस्ट मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, आखिरी वनडे जनवरी 2013 में ही पाकिस्तान के खिलाफ और आखिरी टी20 अक्तूबर 2012 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। वह कुछ मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। इसके अलावा वीरू ने 104 आईपीएल मैचों में 155.44 के स्ट्राइक रेट से 2728 रन बना चुके हैं और छह विकेट ले चुके हैं। आईपीएल में सहवाग ने दिल्ली डेयरडेविल्स, पंजाब किंग्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है।