उत्तराखंड के चमोली में नीती घाटी के जुग्जू गांव के ठीक शीर्ष भाग से चट्टान से भूस्खलन होने के बाद सहमे ग्रामीणों ने मंगलवार की रात जंगलों में बिताई। पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गांव के पुनर्वास की मांग की। रैणी गांव के पास जुग्जू गांव के ऊपर मंगलवार दोपहर को भूस्खलन हो गया था और ग्रामीणों ने भागकर जान बचाई थी। इसके बाद भूस्खलन थमा तो ग्रामीण घरों को लौट गए लेकिन रात आठ बजे फिर पहाड़ी से भूस्खलन शुरू हो गया।
उत्तराखंड: भूस्खलन से दहशत में जुग्जू के ग्रामीण, घर छोड़कर जंगल में बिताई रात, तस्वीरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वहीं, दशोली ब्लाक के मठ-बेमरु गांव के निचले हिस्से में सड़क कटिंग के कारण हो रहे भूस्खलन से गांव को खतरा हो गया है। गांव के लगभग 300 ग्रामीण भूस्खलन के कारण डर के साए में रह रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शासन-प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद भूस्खलन क्षेत्र का ट्रीटमेंट नहीं किया गया है। वर्ष 2010 से गांव के निचले हिस्से में भूस्खलन सक्रिय हो गया था, लेकिन अब धीरे-धीरे भूस्खलन का दायरा बढ़ रहा है। भूस्खलन से गांव की कई हेक्टेयर कृषि भूमि भी बर्बाद हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि भारी बारिश होने पर ग्रामीण सहम जाते हैं और रात को सो भी नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्मात्री कंपनी की ओर से गांव के निचले हिस्से में सड़क कटिंग का कार्य किया गया, जिससे भूस्खलन बढ़ता ही जा रहा है। जिला प्रशासन और टीएचडीसी को भी इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी का कहना है कि भूस्खलन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिरही-निजमुला सड़क बुधवार को तीसरे दिन भी ठप रही, जिससे ग्रामीणों को करीब पांच किलोमीटर की पैदल दूरी नापकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा। वहीं घाटी के गांवों में रसोई गैस समेत आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई ठप रही। सोमवार को भारी बारिश के कारण काली चट्टान व तोली तोक के पास मलबा आने से सड़क बंद हो गई थी, जबकि मंगलवार को टिटरी गदेरे के उफान से 40 मीटर तक सड़क बह गई और घाटी के गांवों में वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई।
सड़क खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी लगाई गई है। बुधवार को टिटरी गदेरे और काली चट्टान पर मलबा हटाकर सड़क सुचारू कर दी है लेकिन तोली तोक के पास अभी भी सड़क बंद है। सड़क बंद होने से ग्राम पंचायत पाणा, ईराणी, झींझी, पगना, दुर्मी, गौणा, निजमुला, मोली, मानुरा, ब्यारा, सेंजी व गाड़ी गांव के ग्रामीणों को लंबी दूरी पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है।