बरेली विधायक की बेटी साक्षी मिश्रा के विवाह को लेकर असमंजस की स्थित पैदा हो गई है। दरअसल जिस मंदिर में शादी होने का दावा किया जा रहा है, उसके महंत व विवाह की रस्में संपन्न कराने वाले पुरोहित अलग-अलग बयान दे रहे हैं। एक तरफ जहां महंत मंदिर में शादी कराए जाने से इंकार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुरोहित उसी मंदिर में विवाह कराने की बात कह रहे हैं।
विधायक की बेटी ने क्या सच में अजितेश से की है शादी? मंदिर के महंत और पुरोहित के सुर अलग-अलग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेगम बाजार में गंगा तट पर स्थित जिस अति प्राचीन राम जानकी मंदिर में विधायक की बेटी का विवाह संपन्न होने की बात सामने आई है, उसका वास्तविक नाम श्री रामजानकी हनुमान मंदिर है। जिसके महंत परशुराम दास हैं। उनसे जब इस मुद्दे पर बात की गई तो उन्होंने साफ कह दिया कि इस मंदिर में न तो शादी होती है और न ही शादी हुई। विवाह के लिए जारी प्रमाणपत्र को भी उन्होंने गलत बताया।
उधर विवाह प्रमाणपत्र जारी करने वाले आचार्य विश्वपति जी शुक्ल का कहना है कि विधायक पुत्री साक्षी व अजितेश का विवाह अतिप्राचीन रामजानकी मंदिर स्थित प्राचीन दुर्गा देवी मंदिर परिसर में आयोजित कराया गया। जिसके लिए उन्हें 1100 रुपये की दक्षिणा भी दी गई। हालांकि उनका कहना है कि युवक-युवती के साथ पहुंचे वकीलों के दबाव में आकर उन्होंने विवाह कराया।
बता दें कि साक्षी और अजितेश ने अपना मैरिज सर्टिफिकेट दिखा कर शादी करने का दावा किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मैरिज सर्टिफिकेट के अनुसार उनकी शादी प्रयागराज के बेगम सराय में स्थित रामजानकी मंदिर में स्थित दुर्गा देवी मंदिर परिसर में हुई थी। इसके मुताबिक अजितेश और साक्षी का विवाद चार जुलाई की शाम को मंदिर परिसर में वैदिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। इस विवाह प्रमाणपत्र पर दो गवाहों आयुष कुमार और सुधीर कुमार के हस्ताक्षर भी हैं। इसमें लिखा है कि पुजारी विश्वपति शुक्ला ने अनुष्ठान संपन्न कराए।
गौरतलब है कि एक तरफ बेटी अपने पिता पर आरोप लगा रही है, वहीं दूसरी ओर राजेश मिश्रा ने इसे लेकर बाकायदा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसमें लिखा है, 'मेरे खिलाफ मीडिया में जो चल रहा है, यह सब गलत है। बेटी बालिग है, उसको निर्णय लेने का अधिकार है, मैंने किसी को जान से मारने की धमकी नहीं दी है, न ही मेरे किसी आदमी या परिवार के व्यक्ति ने धमकी दी है। मैं और मेरा परिवार अपने काम में व्यस्त हैं, मैं अपनी विधानसभा में जनता का कार्य कर रहा हूं व पार्टी (भाजपा) का सदस्यता अभियान चला रहा हूं। मेरी तरफ से किसी को कोई खतरा नहीं है।'