बसई गांव के मूल निवासी बॉबी कटारिया एक बार फिर से सुर्खियों में हैं और इस बार भी उसकी चर्चा किसी अच्छे काम से नहीं बल्कि हवाई जहाज में सिगरेट पीते हुए वीडियो वायरल होने के कारण हो रही है। लोगों ने ट्वीट कर गृह मंत्री अमित शाह व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को टैग किया है। लोग बॉबी की इस हरकत को नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बता रहे हैं।
फिर विवादों में बॉबी कटारिया: गृहमंत्री शाह तक पहुंची शिकायत, लोग बोले- ये तो सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहा
वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन ने कहा कि इस बारे में जनवरी 2022 में स्पाइसजेट की तरफ से उद्योग विहार थाने में शिकायत दी गई थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि जिस एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अंदर वह सिगरेट जलाते नजर आ रहा है वह गुरुग्राम की सीमा में नहीं आता है। ऐसे में किसी भी तरह की कार्रवाई के लिए गुरुग्राम पुलिस के पास अधिकार नहीं था। बाद में यह मामला ठंडा पड़ गया था। मालूम हो कि बॉबी कटारिया प्रोफेशनल बॉडी बिल्डर हैं और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता है। पूर्व में भी बॉबी का विवादों से नाता रहा है।
पांच साल पहले 2017 में बॉबी उस समय अचानक सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने पुलिस के खिलाफ विवादित वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था। फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर लाइव आकर सीधे पुलिस को धमकी व गालियां दी थी। इसके बाद तो बॉबी कटारिया के खिलाफ गुरुग्राम व फरीदाबाद में कई मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने बॉबी के खिलाफ अभियान भी चलाया था।
वहीं, बॉबी कटारिया के हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें बॉबी उत्तराखंड के देहरादून के आस-पास की किसी सड़क पर कुर्सी डालकर शराब पीते हुए नजर आ रहा था। इस पर उत्तराखंड के डीजीपी ने स्वत: संज्ञान लिया था।
स्पाइसजेट के जिस विमान में बॉबी ने सिगरेट जलाया था, वह 706 यात्रियों की क्षमता वाला विमान था। इस बारे में गुरुग्राम जिला बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ वकील कुलभूषण भारद्वाज ने बताया कि इस मामले में बॉबी को दो साल की जेल या 10 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है या फिर दोनों हो सकते हैं। विमान में स्मोकिंग पैसेंजर के दुर्व्यवहार के दायरे में भी आता है और ऐसा करने वाले यात्री पर ताउम्र बैन लग सकता है। वहीं, इस मामले में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जांच के आदेश दिए हैं।